वाराणसी: हेरोइन की खरीद-बिक्री करते महिला सहित 3 ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार, खंडहर के पास से दबोचे गए
सामनेघाट की महिला से हेरोइन खरीदकर पुड़िया बनाकर बेचते थे बिहार और वाराणसी के तस्कर
वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लंका थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने शनिवार (4 जुलाई 2026) को लंका थाना क्षेत्र के छित्तूपुर (सामनेघाट) से अवैध रूप से हेरोइन की खरीद-बिक्री कर रहे एक महिला सहित तीन शातिर ड्रग्स तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तस्करों के पास से 09 ग्राम नाजायज हेरोइन बरामद की गई है।


पुलिस को देख खंडहर के पास से भागने की कोशिश
लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सामनेघाट से मदरवा मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस बल को शिवाजी नगर कॉलोनी (छित्तूपुर, सामनेघाट) की बड़ी फील्ड के पास एक खंडहर के पास दो पुरुष और एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े दिखाई दिए।

पुलिस टीम को अपनी तरफ आते देख तीनों सकपका गए और तेज कदमों से भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए हिकमत अमली (रणनीति) से घेराबंदी की और तीनों को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हेरोइन बरामद हुई।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा: महिला से खरीदते थे हेरोइन
पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। गिरफ्तार आरोपी श्रीप्रकाश उपाध्याय ने बताया कि वे दोनों इस महिला से भारी मात्रा में हेरोइन खरीदने आए थे। वे यहाँ से हेरोइन ले जाकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया तैयार करते थे और फिर उसे ऊंचे दामों पर नशेड़ियों को बेच देते थे। शनिवार को भी वे डील के लिए ही जुटे थे, लेकिन तभी पुलिस की नजर उन पर पड़ गई। गिरफ्तार आरोपियों में श्रीप्रकाश उपाध्याय निवासी कोधरी (थाना भभुआ) कैमूर बिहार, मनोज चौरसिया निवासी (छित्तूपुर शिवराज नगर कॉलोनी) लंका, वाराणसी और एक महिला शामिल है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
लंका थाना पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0-0317/2026 धारा 8/21/29 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस द्वारा अभियुक्तों के खिलाफ अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
इस सराहनीय कामयाबी को हासिल करने वाली टीम में लंका थाना के प्रभारी निरीक्षक राज कुमार, नगवां चौकी प्रभारी उ0नि0 अभिषेक कुमार सिंह, उ0नि0 स्वप्निल सिंह, म0उ0नि0 नेहा, हे0का0 बृजेश ठाकुर, म0का0 किरन कुमारी, का0 हृदय कुमार, का० आशीष तिवारी, का० कमल यादव, का0 पवन कुमार, का0 सूरज सिंह, का0 कृष्ण कान्त पाण्डेय, का0 अमित शुक्ला और सर्विलांस सेल के का0 प्रशांत तिवारी शामिल रहे।
