Movie prime
PMC_Hospital

वाराणसी: शिवपुर में जमीन की बाउंड्री गिराने पर वकील से हाथापाई, 29 पर केस दर्ज

मीरापुर बसहीं के खुशहाल नगर की घटना: वकीलों के हंगामे के बाद पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज

Ad

 
Shivpur
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी (भदैनी मिरर): शिवपुर थाना क्षेत्र के मीरापुर बसहीं स्थित खुशहाल नगर में शनिवार को जमीन विवाद को लेकर मनबढ़ों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोपियों ने जमीन की बाउंड्री और गेट को मलबे में तब्दील कर दिया और विरोध करने पर अधिवक्ता के साथ हाथापाई करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घटना से आक्रोशित वकीलों ने शिवपुर थाने पहुंचकर जमकर नारेबाजी और हंगामा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर शिवपुर पुलिस ने 4 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Ad
Ad

कागजात देखने के बाद भी शाम को आए मनबढ़

गौतम गार्डेन (शिवपुर) के रहने वाले पीड़ित अधिवक्ता ऋषिकांत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि खुशहाल नगर में उनकी मौसी गीता सिंह की जमीन है, जिसकी पावर ऑफ अटॉर्नी उनके पास है। शनिवार (7 जुलाई) की सुबह वह जमीन की बाउंड्री को ऊंचा करवा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और जमीन को अपनी बताते हुए कागजात की मांग करने लगे। ऋषिकांत सिंह ने जब उन्हें जमीन के पूरे दस्तावेज दिखाए, तो वे लोग वहां से चले गए।

Ad

लाठी-डंडों के साथ पहुंचे आरोपी, सिपाही बनाता रहा वीडियो

अधिवक्ता ऋषिकांत सिंह का आरोप है कि शनिवार शाम करीब 7 बजे गजेंद्र सिंह और सत्यभामा सिंह की शह पर बजरंग विहार कॉलोनी (टकटकपुर) का रहने वाला धीरज सिंह, बच्चा, प्रतीक सिंह रौनक और करीब 25 अज्ञात लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर धमक पड़े। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए अधिवक्ता के साथ हाथापाई शुरू कर दी और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस बीच चांदमारी चौकी का एक सिपाही वहां मौजूद था, जो घटना की वीडियो क्लिपिंग बनाता रहा, लेकिन मनबढ़ों ने पुलिस की मौजूदगी की परवाह न करते हुए बाउंड्री और लोहे का गेट जमींदोज कर दिया।

Ad

थाने पर वकीलों का हंगामा, पुलिस कमिश्नर के हस्तक्षेप पर कार्रवाई

साथी अधिवक्ता के साथ मारपीट और बदसलूकी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में वकील शिवपुर थाने पहुंच गए। वकीलों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। माहौल गरमाता देख मामले की जानकारी पुलिस कमिश्नर को दी गई। पुलिस कमिश्नर के सख्त निर्देश के बाद हरकत में आई शिवपुर पुलिस ने पीड़ित अधिवक्ता की तहरीर पर धीरज सिंह, बच्चा, प्रतीक सिंह रौनक समेत 4 नामजद और 25 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सबकी गिरफ्तारी की जाएगी।