वाराणसी: लंका पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 4 चोरी की बाइक के साथ 2 शातिर चोर और 2 बाल अपचारी गिरफ्तार
BHU के विश्वनाथ मंदिर से चोरी हुई थी रॉयल एनफील्ड, शौक और पैसों के लिए वारदात को देते थे अंजाम
वाराणसी। वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अपराधियों और वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लंका थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो शातिर वाहन चोरों और दो बाल अपचारियों (नाबालिगों) को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी की 4 मोटरसाइकिलें और स्कूटी बरामद की गई हैं।


रामनगर ग्राउंड के पास से हुई गिरफ्तारी
लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार के नेतृत्व में पुलिस और सर्विलांस टीम कानून-व्यवस्था को लेकर मुस्तैद थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 2 जुलाई को रामनगर स्थित ग्राउंड के पास घेराबंदी करके आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रेहान खान (उम्र 20 वर्ष) और हिमांशु थापा (उम्र 23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रामनगर के ही रहने वाले हैं। इसके साथ ही गैंग में शामिल दो बाल अपचारियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

BHU विश्वनाथ मंदिर से उड़ाई थी बुलेट, शौक के लिए बने चोर
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। हिरासत में लिए गए एक बाल अपचारी ने कुबूल किया कि उसने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) परिसर स्थित न्यू विश्वनाथ मंदिर (VT) से एक रॉयल एनफील्ड बुलेट चोरी की थी। आरोपी ने बताया कि वह अपने महंगे शौक पूरा करने और पैसों की तंगी दूर करने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। वहीं, गिरफ्तार आरोपी रेहान, हिमांशु और दूसरे बाल अपचारी ने स्वीकार किया कि वे चोरी की गाड़ियों को बेहद कम दामों में खरीद लिया करते थे।

ये वाहन हुए बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के कुल चार वाहन बरामद किए हैं, जिन्हें अलग-अलग जगहों से चुराया गया था:
-
दो रॉयल एनफील्ड (बुलेट) मोटरसाइकिल
-
एक हीरो ग्लैमर बाइक
-
एक होंडा एक्टिवा 4जी स्कूटी
पुलिस टीम की कार्रवाई
लंका थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उन्हें कोर्ट में पेश करने के साथ ही आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है। इस कामयाबी को अंजाम देने वाली टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक राजकुमार ने किया, जिसमें लंका थाने के पुलिसकर्मियों के साथ सर्विलांस टीम की मुख्य भूमिका रही।
