वाराणसी: लंका में खंभा हटाने के दौरान दौड़ा करंट, 14 वर्षीय किशोर की मौत, दो युवक झुलसे
नरिया इमाम चौक के पास रविवार रात हादसा; बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने किशोर को किया मृत घोषित, घायलों की हालत सामान्य
भदैनी मिरर (डिजिटल डेस्क)। लंका थाना क्षेत्र स्थित नरिया इमाम चौक पर रविवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां खंभा हटाने के दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से 14 वर्षीय एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया।

रात 10:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा स्थित फारूकी नगर निवासी शमशाद (14 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद शहीद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार की रात करीब 10:30 बजे शमशाद नरिया इमाम चौक के पास काम करने गया था। इसी दौरान एक खंभा हटाने के दौरान वह अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया।
बचाने पहुंचे दो युवक की झुलसे
शमशाद को करंट की चपेट में आते देख पास में मौजूद इब्राहिम उर्फ राहुल और बबलू उसे बचाने के लिए दौड़े। हालांकि, शमशाद को छुड़ाने के प्रयास में दोनों युवक भी करंट की तीव्र चपेट में आकर झुलस गए। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह बिजली का संपर्क काटा और तीनों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद शमशाद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार झुलसे हुए दोनों युवकों (इब्राहिम और बबलू) की स्थिति अब सामान्य और खतरे से बाहर है।
परिवार का सहारा था शमशाद
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक शमशाद के पिता मोहम्मद शहीद और बड़े भाई की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। वह अपनी मां और बहन के साथ रहता था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी में सहयोग करता था। शमशाद की असमय मौत से मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
