7 जुलाई को काशी आ रहे हैं सीएम योगी आदित्यनाथ, शिक्षकों को देंगे कैशलेस इलाज का तोहफा और करोड़ों छात्रों को DBT
बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाएंगे मुख्यमंत्री; मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी के करेंगे दर्शन
भदैनी मिरर, वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर 7 जुलाई को धर्मनगरी काशी आ रहे हैं। सीएम के इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अपने इस दो दिवसीय प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री काशीवासियों को कई बड़ी सौगातें देंगे, जिसमें शिक्षकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा और करोड़ों छात्र-छात्राओं के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) योजना शामिल है।


7 जुलाई: बाबा विश्वनाथ के दर्शन और वैवाहिक समारोह में शिरकत
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार, 7 जुलाई की शाम को काशी पहुंचेंगे। शाम ठीक 6:05 बजे वे श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर जाकर बाबा दरबार में विधिवत दर्शन-पूजन करेंगे और राज्य की समृद्धि की कामना करेंगे।
इसके बाद, मुख्यमंत्री रोहनिया स्थित होटल लेमन ट्री के लिए रवाना होंगे, जहां वे उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' के सुपुत्र के विवाह समारोह में शामिल होकर वर-वधू को अपना आशीर्वाद देंगे। वैवाहिक कार्यक्रम के बाद सीएम रात 7:10 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।

8 जुलाई: शिक्षकों को बड़ी सौगात और 1.10 करोड़ अभिभावकों को ट्रांसफर होगी रकम
दौरे के दूसरे दिन यानी 8 जुलाई (बुधवार) को मुख्यमंत्री सुबह 9:50 बजे सर्किट हाउस से चांदमारी स्थित अंतरराष्ट्रीय हस्तकला संकुल (TFC) के लिए रवाना होंगे। सुबह 10:00 से 11:00 बजे के बीच आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सीएम योगी बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए 'कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा' का भव्य शुभारंभ करेंगे। इस योजना से प्रदेश के लाखों शिक्षकों को इलाज में बड़ी राहत मिलेगी।

इसी मंच से मुख्यमंत्री एक और बड़ा कदम उठाते हुए राज्य के लगभग 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के बैंक खातों में डीबीटी (DBT) के माध्यम से सीधे धनराशि ट्रांसफर करेंगे। यह राशि बच्चों के यूनिफॉर्म, मोजे, जूते और स्कूल बैग आदि के लिए सीधे बैंक खातों में भेजी जाती है।
वाराणसी के बाद मिर्जापुर और चित्रकूट के लिए भरेंगे उड़ान
काशी के कार्यक्रमों को संपन्न करने के बाद, मुख्यमंत्री सुबह करीब 11:15 बजे पुलिस लाइन हेलिपैड से राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा मिर्जापुर के लिए रवाना हो जाएंगे। विंध्याचल पहुंचकर वे सबसे पहले आदि शक्ति मां विंध्यवासिनी देवी के चरणों में शीश नवाएंगे और दर्शन-पूजन करेंगे।
दोपहर 12:05 बजे से 1:00 बजे तक मुख्यमंत्री अष्टभुजा अतिथि गृह में विंध्याचल मंडल के लोक निर्माण विभाग (PWD) के पुराने विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और नए प्रोजेक्ट्स को लेकर अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। इसके बाद, दोपहर 1:40 बजे मुख्यमंत्री राजकीय हेलीकॉप्टर से चित्रकूट के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।
