UP: वाराणसी में 'शोले' स्टाइल ड्रामा! प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी प्रेमिका, बड़ागांव पुलिस ने मंदिर में कराए सात फेरे
ग्रामीण हुए फेल, तो बड़ागांव पुलिस ने संभाला मोर्चा, थाने में घंटों चली हाई-वोल्टेज पंचायत
Bhadaini Mirror Desk: उत्तर प्रदेश के वाराणसी (बड़ागांव) से फिल्मी अंदाज में शादी की एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां एक 21 वर्षीय युवती अपने प्रेमी से शादी की जिद को लेकर सुबह-सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गई. युवती को टावर पर देख इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. आखिरकार, बड़ागांव पुलिस की सूझबूझ और लंबी पंचायत के बाद प्रेमी जोड़े की मंदिर में शादी करा दी गई.
सुबह 7 बजे टावर पर चढ़ी युवती, दी जान देने की धमकी
यह पूरा मामला बड़ागांव थाना क्षेत्र के पश्चिमपुर अहरक गांव का है. सोमवार सुबह करीब 7 बजे गांव की एक 21 वर्षीय युवती अचानक गांव में स्थित मोबाइल टावर के ऊपर चढ़ गई. जब ग्रामीणों ने उसे ऊपर देखा, तो उनके होश उड़ गए. लोगों ने उसे नीचे उतारने की काफी कोशिश की, लेकिन युवती अपनी बात पर अड़ी रही. उसका साफ कहना था कि वह गांव के ही अपने प्रेमी से बेहद प्यार करती है और अगर उससे उसकी शादी नहीं कराई गई, तो वह टावर से कूदकर अपनी जान दे देगी.


ग्रामीण हुए फेल, तो बड़ागांव पुलिस ने संभाला मोर्चा
जब ग्रामीण युवती को नीचे उतारने में पूरी तरह असफल रहे, तो इसकी सूचना तुरंत बड़ागांव थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह और उनकी टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए युवती को काफी समझाया-बुझाया और किसी तरह सुरक्षित नीचे उतारा. इसके बाद पुलिस युवती को अपने साथ थाने ले आई.

थाने में घंटों चली हाई-वोल्टेज पंचायत
पुलिस ने मामले को सुलझाने के लिए तुरंत युवक और युवती के परिजनों को थाने बुलाया. शुरुआत में दोनों (प्रेमी-प्रेमिका) शादी के लिए राजी थे, लेकिन परिजनों के बीच आकर विवाद शुरू हो गया. बात इतनी बढ़ी कि परिजनों के दबाव में आकर प्रेमी ने भी शादी करने से पैर पीछे खींच लिए. इसके बाद पुलिस और गणमान्य लोगों की मौजूदगी में थाने में ही घंटों तक पंचायत का दौर चला.

रामनगर पोखरा स्थित मंदिर में संपन्न हुई शादी
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह के प्रयासों और लगातार समझौते के बाद आखिरकार दोनों पक्ष और प्रेमी जोड़ा शादी के लिए पूरी तरह सहमत हो गए. दोनों परिवारों की लिखित रजामंदी के बाद पुलिस की देखरेख में रामनगर पोखरा स्थित एक मंदिर में प्रेमी और प्रेमिका की शादी पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराई गई. अब इस अनोखी शादी की चर्चा पूरे वाराणसी और सोशल मीडिया पर खूब हो रही है.
