UP: वाराणसी के कई थाना प्रभारियों का एक साथ गैर जनपद तबादला; सिगरा, रोहनिया आदमपुर समेत 23 नाम शामिल
लंबे समय से वाराणसी में जमे पुलिसकर्मी हटाए गए, चुनाव से पहले कार्रवाई
वाराणसी, भदैनी मिरर। विधानसभा चुनाव-2027 से पहले बनारस के थानों में अब तक का सबसे बड़ा फेरबदल हुआ है। पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ ने 25 नवंबर 2026 को आदेश जारी कर वाराणसी कमिश्नरेट में तैनात 23 निरीक्षक नागरिक पुलिस का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है।

हटाए गए सभी इंस्पेक्टर बनारस के विभिन्न थानों में प्रभारी के रूप में तैनात थे और थानों की कमान संभाल रहे थे। इसमें रोहनिया आदमपुर समेत बनारस के प्रमुख थानों के प्रभारी भी शामिल हैं। आदेश में कहा गया है कि जिन इंस्पेक्टरों की सेवाएं एक ही जनपद में 03 वर्ष पूर्ण हो चुकी हैं, अथवा जो दिनांक 31मई 2027 तक विगत 04 वर्षों में 03 वर्ष की अवधि पूर्ण करने वाले हैं, और जिनका जोन/जनपद/कमिश्नरेट स्तर पर समायोजन नहीं हो पाया है, उन्हें पुलिस स्थापना बोर्ड के अनुमोदन पर स्थानांतरित किया गया है। यह कार्रवाई आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के तहत की गई है, ताकि चुनाव में निष्पक्षता बनी रहे।
एक साथ 23 थाना प्रभारियों के हटने से रोहनिया समेत बनारस के कई थानों में प्रभार खाली हो गया है। नए थाना प्रभारियों की तैनाती तक थानों की व्यवस्था प्रभारी इंस्पेक्टरों के भरोसे चलेगी।
वाराणसी से मिथिलेश कुमार श्रीवास्तव, अरुण कुमार तिवारी, विजय कुमार शुक्ला, दिनेश कुमार यादव, कृष्ण प्रताप यादव, सुनील कुमार सिन्हाल, साधुवन राम, अजीत कुमार वर्मा, अरविन्द कुमार सरोज, शिवाधारी, शिवाकान्त मिश्र, प्रमोद कुमार पाण्डेय, उदयवीर सिंह, अजयराज वर्मा, राजकुमार, सुनील कुमार, गोपाल कन्हैया, विमल कुमार मिश्र, राजू सिंह, विवेक कुमार, कृष्ण चन्द्र मिश्रा, मो० आसिफसिद्दीकी और दयाशंकर सिंह का नाम शामिल है।
