Movie prime
PMC_Hospital

UP News: योगी सरकार के गौ-सेवा विज्ञापनों पर गो-संसद् का हमला; दावों को बताया भ्रामक, 403 विधानसभाओं में खुलेगी पोल

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती द्वारा स्थापित गो-संसद् ने सरकार से पूछे 6 तीखे सवाल; दीपावली के बाद लखनऊ कूच का ऐलान

Ad

 
fd
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में गौ-संरक्षण, संवर्धन और गौ-सेवा के संदर्भ में जारी किए गए विज्ञापनों पर गो-संसद् ने कड़ा रुख अपनाया है। परमाराध्य परमधर्माधीश उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज द्वारा स्थापित गो-संसद् ने इन विज्ञापनों को "भ्रामक, तथ्यहीन और वास्तविकता से परे" करार दिया है।

Ad
Ad

गो-संसद् का आरोप है कि सरकारी खजाने के करोड़ों रुपये खर्च कर प्रचार तो किया जा रहा है, लेकिन धरातल पर अधिकांश सरकारी गौशालाओं की स्थिति बेहद दयनीय और चिंताजनक है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गो-संसद् के 6 बड़े सवाल

जारी विज्ञप्ति में गो-संसद् ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के समक्ष छह प्रमुख बिंदु उठाए हैं:

Ad
  1. फर्जी या भ्रामक तस्वीरों का प्रयोग: विज्ञापन में यूपी की गंगातीरी नस्ल की जगह गुजरात की 'गीर' गाय और सरकारी गौशाला के बजाय निजी गौशाला की तस्वीर छापने पर सवाल उठाया गया है।

  2. गौ-आश्रय स्थलों का सच: 7,500 से अधिक गौशालाओं के दावों को झूठा बताते हुए कहा गया कि देशी गायों के साथ जर्सी सांड रखने से वर्णसंकरण का खतरा बढ़ रहा है और गौवंश उचित देखभाल के अभाव में भूख-प्यास से तड़प रहा है।

  3. कागजी योजनाएं: नंदनी कृषक समृद्धि योजना, नंद बाबा योजना और गोबर से ग्रीन एनर्जी जैसे दावों को केवल कागजों तक सीमित बताया गया।

  4. सड़कों पर घूमता बेसहारा गौवंश: 12 लाख से अधिक गौवंश के संरक्षण के आंकड़े को भ्रामक बताते हुए पूछा गया कि यदि योजनाएं सफल हैं, तो सड़कों और खेतों में हजारों गौवंश क्यों भटक रहे हैं?

  5. दुग्ध उत्पादन का आंकड़ा: दुग्ध उत्पादन में प्रदेश के नंबर-1 होने के दावे में देशी गाय, जर्सी गाय और भैंस के वास्तविक योगदान का अलग-अलग ब्योरा मांगा गया है।

  6. 'पशु' या 'माता'?: सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न पूछते हुए गो-संसद् ने कहा कि सरकार स्पष्ट करे कि वह गाय को केवल एक 'पशु' मानती है या 'माता'। गाय को पशु श्रेणी में रखना सनातन परंपरा का अपमान है।

सभी 403 विधानसभाओं में बनेगा वीडियो, खुलेगी गौशालाओं की पोल

गो-संसद् के प्रखर गोसेवाधीश पं. देवेन्द्र पाण्डेय 'गोपजी' ने घोषणा की है कि उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में सरकारी गौशालाओं की धरातली स्थिति का वीडियो बनाकर जनता के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि (विधायक और सांसद) जनता के इन जमीनी सवालों का जवाब देने में पूरी तरह असमर्थ हैं।

Ad

81 दिवसीय 'गविष्ठि यात्रा' का उल्लेख और आगामी आंदोलन

विज्ञप्ति में बताया गया कि पूज्य शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज ने हाल ही में अपनी 81 दिवसीय 'गविष्ठि यात्रा' पूरी की है, जिसके तहत उन्होंने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण कर लगभग 14 हजार किलोमीटर की यात्रा की और 18 लाख लोगों से प्रत्यक्ष संवाद किया।

आगामी अभियानों की घोषणा:

  • नोट अभियान: सभी विधानसभा क्षेत्रों में चलाकर 'अभिनव आशीर्वाद गोधाम' स्थापित किए जाएंगे।

  • गो-प्रतिष्ठा यज्ञ: शारदीय नवरात्रि के अवसर पर काशी (वाराणसी) में विशाल गो-प्रतिष्ठा यज्ञ आयोजित होगा।

  • लखनऊ कूच: दीपावली के बाद प्रदेश के लाखों गांवों से लाखों गौवंश के साथ लखनऊ कूच किया जाएगा ताकि गौ-माता को उनके "मुख्यमंत्री पुत्र" के समक्ष ले जाकर वास्तविक स्थिति दिखाई जा सके।

अंत में परमाराध्य शंकराचार्य जी महाराज ने गविष्ठि यात्रा के सभी सहयोगियों को आशीर्वाद देते हुए आगामी अभियानों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है।