बीएचयू पहुंचे केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत: बोले- मुगलों व अंग्रेजों से पहले भारत के एक न होने का गढ़ा गया झूठा नैरेटिव
स्वतंत्रता भवन में आयोजित 'स्टूडेंट-फैकल्टी बिएनाले-2026' में देखीं 300 दुर्लभ तस्वीरें; काशी-तमिल संबंधों को बताया राष्ट्रीय एकता का प्रमाण
वाराणसी (भदैनी मिरर): केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत रविवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के स्वतंत्रता भवन में आयोजित 'स्टूडेंट-फैकल्टी बिएनाले-2026' का अवलोकन करने पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने प्रदर्शनी में संजोई गईं भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और देश के गौरवशाली इतिहास से जुड़ी करीब 300 दुर्लभ तस्वीरों का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने महापुरुषों व क्रांतिकारियों के मूल हस्ताक्षर, प्रमुख राजनेताओं के दुर्लभ चित्र और ऐतिहासिक पत्रों को भी बारीकी से देखा।

प्राचीन काल से एक और श्रेष्ठ रहा है भारत
मीडिया से संवाद करते हुए केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा यह नैरेटिव गढ़ने का प्रयास किया जाता रहा है कि मुगलों या अंग्रेजों के आगमन से पहले भारत एक राष्ट्र या एक स्वरूप में नहीं था। उन्होंने इस धारणा को खारिज करते हुए कहा कि काशी और तमिलनाडु के ऐतिहासिक संबंध, सौराष्ट्र-तमिलनाडु का सांस्कृतिक जुड़ाव, केरल से सोमनाथ तक आदि शंकराचार्य की यात्रा और कुंभ जैसे महाआयोजन इस बात के जीवंत प्रमाण हैं कि भारत प्राचीन काल से ही सांस्कृतिक व राष्ट्रीय रूप से एक और श्रेष्ठ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की बात करते हैं, वह भावना हमारे देश में सदियों से विद्यमान रही है।
महिला आरक्षण पर विपक्ष से मांगा स्पष्ट रुख
महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्षी दलों के विरोध पर निशाना साधते हुए शेखावत ने कहा कि विपक्ष को देश के सामने यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह महिलाओं को आरक्षण और विधायी संस्थाओं में अधिक भागीदारी देने के पक्ष में है या नहीं। उन्होंने दोहराया कि प्रधानमंत्री का संकल्प मातृशक्ति को उसका संवैधानिक अधिकार दिलाना है और इसके मार्ग में आने वाली प्रत्येक बाधा को दूर कर सरकार महिलाओं को उनका हक दिलाकर रहेगी।
परिसीमन को बताया संवैधानिक आवश्यकता
परिसीमन (Delimitation) से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि विधायी और संवैधानिक दृष्टिकोण से परिसीमन बेहद आवश्यक प्रक्रिया है, जिस पर निर्णय लेने का अधिकार केवल एक स्वतंत्र परिसीमन आयोग को ही है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए भी परिसीमन एक अनिवार्य संवैधानिक जरूरत है, इसलिए इसे पूरा किया जाना तय है और यह होकर रहेगा।
