वाराणसी के दो कुख्यात बदमाश महाराष्ट्र में हत्या कर प्रयागराज में गिरफ्तार, यूपी एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस का बड़ा एक्शन
चोलापुर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी, कॉरपोरेटर चुनाव की रंजिश में की थी हत्या
वाराणसी/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) और महाराष्ट्र पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के रहने वाले दो कुख्यात बदमाशों को प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। आरोपी महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे थे।

ब्लॉक प्रमुख/कॉरपोरेटर चुनाव की रंजिश में हुई थी हत्या
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कुमार कनौजिया ( निवासी ग्राम गहनी, पोस्ट आयर, थाना चोलापुर, वाराणसी) और अमित सिंह ( निवासी ग्राम बबियाव, थाना चोलापुर, वाराणसी) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी वर्तमान में महाराष्ट्र के ठाणे और मुंबई के विभिन्न इलाकों में रह रहे थे।
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि बीते 29 सितंबर 2026 को ठाणे के चितणसर मानपाणा क्षेत्र में ब्लॉक प्रमुख/कॉरपोरेटर के चुनाव को लेकर पुरानी रंजिश के चलते इन बदमाशों ने तमंचे से फायरिंग कर और गर्दन पर चापड़ से वार करके एक व्यक्ति की निर्मम हत्या कर दी थी। इस मामले में थाना कापुरबाउड़ी (ठाणे, महाराष्ट्र) में बीएनएस की गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस घटना में शामिल 3 अन्य साथियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि संतोष और अमित फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए ये दोनों भागकर प्रयागराज आ गए थे।
यूपी एसटीएफ और ठाणे क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई
महाराष्ट्र पुलिस द्वारा यूपी एसटीएफ से सहयोग मांगे जाने के बाद, एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज के पुलिस अधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के निर्देशन और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम ने अभिसूचना संकलन शुरू किया।
बीते 09 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 7:30 बजे, प्रयागराज के नैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत अरैल सेल्फी प्वाइंट के पास से यूपी एसटीएफ (उपनिरीक्षक विनय तिवारी, मो. हबीब अहमद सिद्दीकी, मुख्य आरक्षी पंकज तिवारी, आरक्षी अखण्ड प्रताप पाण्डेय) और ठाणे क्राइम ब्रांच (एपीआई भूषण कापणनीस, एपीआई शरद पाटिल, हेड कांस्टेबल विजय काटकर व हरशद तारी, कांस्टेबल मिनीनाथ शिकारी) की संयुक्त टीम ने दोनों वांछितों को धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद दोनों अभियुक्तों को थाना नैनी (कमिश्नरेट प्रयागराज) में दाखिल किया गया। इसके पश्चात, महाराष्ट्र पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) प्रयागराज के समक्ष प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड पर ठाणे ले जाने की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। संतोष कनौजिया का पहले से भी महाराष्ट्र के कापुरबाउड़ी थाने में आपराधिक इतिहास रहा है।
