वाराणसी में जाम से मिलेगी मुक्ति: अब तैनात होंगे 'ट्रैफिक मार्शल', पुलिस कमिश्नर ने खुद सड़क पर उतरकर संभाला मोर्चा
भेलूपुर से ट्रामा सेंटर तक 3 किमी पैदल चले पुलिस कमिश्नर, इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी संभालेंगे रूट की कमान
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को जाम के झाम से मुक्ति दिलाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने कमर कस ली है। शनिवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल खुद सड़कों पर उतरे और भेलूपुर से बीएचयू ट्रामा सेंटर तक करीब 3 किलोमीटर का पैदल मार्च कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने 'Reducing Traffic Congestion' (RTC) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कड़े निर्देश दिए।


अब 'रूट मार्शल' के जिम्मे होगी सड़कों की रफ्तार
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि शहर के 10 सबसे व्यस्त रूटों को चिन्हित किया गया है। इन मार्गों पर यातायात सुचारू रखने के लिए यातायात शाखा के निरीक्षक (Inspector) स्तर के अधिकारियों को 'रूट मार्शल' के रूप में नियुक्त किया गया है। ये मार्शल, संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि पीक आवर्स में लोगों को कम से कम समय सड़क पर बिताना पड़े।

ई-रिक्शा (टोटो) के लिए नई व्यवस्था लागू
शहर में बेतरतीब दौड़ते ई-रिक्शा पर लगाम कसने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। पुलिस कमिश्नर के अनुसार:
-
शहर में पहले 25,000 टोटो चल रहे थे, जिन्हें अब व्यवस्थित कर 15,000 कर दिया गया है।
-
अलग-अलग इलाकों के लिए अलग-अलग रंग की पट्टिका (Color Coding) निर्धारित की गई है।
-
यदि कोई टोटो अपने निर्धारित रूट के अलावा किसी अन्य मार्ग पर पाया गया, तो उस पर कठोर कार्रवाई होगी।
अतिक्रमण और लापरवाही पर गिरेगी गाज
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि:
-
बिना नंबर प्लेट, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और तीन सवारी चलने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जाए।
-
अवैध ऑटो और रिक्शा स्टैंडों को तत्काल हटाया जाए।
-
यदि किसी मार्ग पर दोबारा अतिक्रमण पाया जाता है, तो इसके लिए संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी सीधे जिम्मेदार होंगे।
मौके पर मौजूद रहा पुलिस महकमा
इस पैदल मार्च और निरीक्षण के दौरान डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, डीसीपी यातायात अनिल कुमार यादव, एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा, एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार सहित लंका और भेलूपुर थाने के प्रभारी व भारी पुलिस बल मौजूद रहा।



