वाराणसी में प्री-मानसून की जबरदस्त एंट्री, बारिश के साथ तीन दिन का तूफानी अलर्ट
काशी में मानसून से पहले मौसम का बदला मिज़ाज, बिजली-तूफान के साथ जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
Jun 18, 2025, 09:58 IST
WhatsApp
Group
Join Now
वाराणसी, भदैनी मिरर। मानसून से पहले ही काशी का मौसम मेहरबान हो गया है। मंगलवार को वाराणसी शहर में एक घंटे के भीतर 12 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आगामी तीन से चार दिनों के लिए तेज़ तूफान, गरज-चमक और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आज बुधवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मंगलवार को बारिश की सबसे अधिक मात्रा बीएचयू में 12 मिमी, राजघाट में 8 मिमी, और बाबतपुर में 2 मिमी दर्ज की गई। दोपहर की इस अचानक बारिश ने जहां 60 दिनों से झेल रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत दी।
बारिश के दौरान पुरवा हवा की गति 20 किमी प्रति घंटा रही और वायुमंडलीय नमी 88% से अधिक रिकॉर्ड की गई। तापमान में भी गिरावट देखी गई — अधिकतम तापमान जहां 36.8°C रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 25.8°C तक पहुंच गया।


मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में इस साल जून के 17 दिनों में अब तक 51% कम बारिश हुई है। जहां सामान्य बारिश 34 मिमी होनी चाहिए, वहां सिर्फ 16 मिमी पानी बरसा है। लेकिन मानसून अब वाराणसी से महज़ 300 किमी दूर है और बेगूसराय (बिहार) व छत्तीसगढ़ तक पहुंच चुका है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले 24-48 घंटे में पूर्वांचल में मानसून की दस्तक संभव है।

