Movie prime
PMC_Hospital

वाराणसी में तीन अलग-अलग सड़क हादसे, बिजली के पोल से टकराया ऑटो तो चालक की मौत

फूलपुर के गजोखर में अंधे मोड़ पर हुआ हादसा, सिंधोरा के गड़खड़ा में बाइक सवार घायल और लंका के नुआंव में ब्रेक फेल होने से हाइवा-ट्रक की भिड़ंत में तीन लोग जख्मी

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

भदैनी मिरर/क्राइम डेस्क, वाराणसी। वाराणसी के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि बाइक और ट्रक सवार समेत कई लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

Ad

 

 

गजोखर में बिजली के पोल से भिड़ा ऑटो, चालक की मौत

फूलपुर थाना क्षेत्र के गजोखर गांव के पास बुधवार देर रात सड़क हादसे में ऑटो चालक श्रीराम सिंह उर्फ शेखर (57) की मौत हो गई। वे ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। जानकारी के अनुसार, बुधवार को श्रीराम सिंह वाराणसी कैंट स्टेशन से एक परिचित को छोड़कर देर रात करीब 12 बजे घर लौट रहे थे।

गांव के पास पावर हाउस के आगे अंधे मोड़ पर अंधेरे के कारण उनका ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने परिजनों और फूलपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में दो पुत्र और एक विवाहित पुत्री हैं; हादसे के बाद पत्नी मधुबाला का रो-रोकर बुरा हाल है।

गड़खड़ा में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार के पैर कुचले

सिंधोरा थाना क्षेत्र के गड़खड़ा गांव के समीप तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जौनपुर जिले के केराकत थाना क्षेत्र अंतर्गत भितरी गोपालपुर निवासी सुनील यादव के मुताबिक, उनका बेटा राज यादव 12 नवंबर को बाइक से वाराणसी से घर लौट रहा था। इसी दौरान गड़खड़ा गांव के पास पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में राज सड़क पर गिर पड़ा और पिकअप का पिछला पहिया उसके दोनों पैरों के ऊपर चढ़ गया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।

नुआंव में हाइवा का ब्रेक फेल, पीछे से टकराया ट्रक; तीन घायल

लंका थाना क्षेत्र के नुआंव में गुरुवार शाम मोहनसराय से रामनगर की ओर जा रहे एक हाइवा का अचानक ब्रेक फेल हो गया। हाइवा डिवाइडर पर चढ़कर रुक गया, जिसके चलते पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा एक ट्रक उससे जा भिड़ा।

इस टक्कर में ट्रक चालक सहित कुल तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए रोहनिया के भदवर स्थित एक निजी अस्पताल में भेजा गया, जबकि चालक मौके से हाइवा छोड़कर फरार हो गया। घटना के कारण करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा और जाम लग गया। बाद में NHAI के कर्मचारियों ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हटवाकर आवागमन सुचारू कराया।