वाराणसी में 22 नवंबर से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, 5.43 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी 'दो बूंद जिंदगी की'
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह की अध्यक्षता में हुई जिला टास्क फोर्स की बैठक; 1790 बूथों पर होगी दवा पिलाने की व्यवस्था, पड़ोसी देशों में पोलियो मामलों के मद्देनजर बढ़ाई गई सतर्कता
भदैनी मिरर हेल्थ/लोकल डेस्क, वाराणसी। वाराणसी जनपद में आगामी 22 नवंबर 2026 से पल्स पोलियो विशेष अभियान (Pulse Polio Campaign) की शुरुआत होने जा रही है। इस अभियान के सफल संचालन और तैयारियों को लेकर गुरुवार को विकास भवन सभागार में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. एन.पी. सिंह की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 5 वर्ष तक की आयु के कुल 5,43,549 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए सीएमओ डॉ. एन.पी. सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लक्षित शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक हर हाल में पिलाई जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए तैनात कर्मियों को भली-भांति प्रशिक्षित किया जाए तथा अभियान के दौरान बीमार एवं प्रतिरोधी परिवारों के बच्चों को चिन्हित कर दवा पिलाना सुनिश्चित किया जाए। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि इस संवेदनशील अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।
धार्मिक नगरी होने के कारण बढ़ी सतर्कता
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि पड़ोसी देशों—पाकिस्तान और अफगानिस्तान—में इस वर्ष भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। वाराणसी एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय तीर्थ स्थल होने के कारण यहां देश-विदेश से श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन काफी अधिक रहता है, जिससे संक्रमण के प्रसार की संभावित चुनौतियों को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
सीएमओ ने बताया कि 22 नवंबर (रविवार) को बूथ दिवस के अवसर पर जिले के सभी विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जाएंगे। बच्चों की 'बुलावा टोली' बनाकर अधिक से अधिक बच्चों को बूथ दिवस पर ही प्रतिरक्षित करने का प्रयास किया जाएगा, वहीं बूथों का शुभारंभ स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं।
6 दिन चलेगा अभियान, 1790 बूथ और 1270 घर-घर टीमें तैनात
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया ने बताया कि छह दिनों तक चलने वाले इस विशेष अभियान की शुरुआत 22 नवंबर को बूथ दिवस से होगी। अभियान के सुचारू संचालन के लिए जिले में व्यापक इंतजाम किए गए हैं:
-
बूथों की संख्या: कुल 1,790 बूथ बनाए गए हैं, जहां बच्चों को दवा पिलाई जाएगी।
-
फील्ड टीमें: घर-घर भ्रमण के लिए 1,270 हाउस-टू-हाउस टीमें, इसके अलावा 34 ट्रांजिट टीमें और 38 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं।
-
वंचित बच्चों के लिए विशेष चरण: बूथ दिवस पर दवा पीने से वंचित रह जाने वाले बच्चों को 23 नवंबर से घर-घर जाकर पोलियो की खुराक दी जाएगी। यदि इसके बाद भी कोई बच्चा छूट जाता है, तो 30 नवंबर को विशेष अभियान के तहत उसे दवा पिलाई जाएगी।
बैठक में इन अधिकारियों की रही मौजूदगी
बैठक का संचालन जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया और डब्ल्यूएचओ (WHO) एसएमओ डॉ. महेंद्र सोनी द्वारा किया गया। इस अवसर पर यूनिसेफ से डीएचसी आलोक कुमार राय, जेएसआई से डॉ. शाहिद, संदीप श्रीवास्तव के साथ जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
