
जो खेलेगा वही खिलेगा...विश्व पर्यावरण दिवस पर वाराणसी में दिखेगा खेल और प्रकृति का महासंगम, कोहली से रोनाल्डो तक के नाम पर होगा पौधारोपण




World Environment Day : वाराणसी में इस साल 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस कुछ खास अंदाज में मनाया जाएगा। परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में एक अनोखी पहल के तहत भारत रत्न से सम्मानित क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, फुटबॉल आइकन लियोनेल मेसी, क्रिस्टियानो रोनाल्डो और ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी ललित उपाध्याय के नाम पर पौधे लगाए जाएंगे।


खेल और पर्यावरण के संगम की मिसाल
हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि यह पहल खेल और पर्यावरण को जोड़ने का प्रयास है। इन दिग्गज खिलाड़ियों के नाम पर लगाए जाने वाले हर पौधे के साथ उनका संक्षिप्त परिचय और समाज पर उनके योगदान का विवरण भी अंकित किया जाएगा। यह संदेश दिया जाएगा कि "जो खेलेगा वही खिलेगा", यानी खेल से न सिर्फ शरीर और मानसिकता में विकास होता है, बल्कि यह समाज को भी नई दिशा देता है।


खिलाड़ियों को मिलेगा प्रेरणा का मंच
इस आयोजन का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करना है कि वे महान खिलाड़ियों की तरह मेहनत और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें। देश में ओलंपिक खेलों में अब तक भारत ने 10 स्वर्ण पदक जीते हैं — जिनमें से 8 हॉकी में, और एक-एक निशानेबाजी व एथलेटिक्स में हैं। वहीं अमेरिका, रूस, चीन, जापान जैसे देशों ने सैकड़ों पदक जीतकर दिखाया है कि विकसित समाज में खेल संस्कृति भी मजबूत होती है।

स्टेडियम में चल रही है विशेष तैयारी
डॉ. सिंह ने बताया कि परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में हॉकी, हैंडबॉल, फुटबॉल, रग्बी, एथलेटिक्स और तैराकी जैसे खेलों में 300 से अधिक बच्चे मुफ्त प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनमें से 53 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जबकि 23 खिलाड़ियों ने पदक भी अपने नाम किए हैं।

