काशी पुलिस लाइन में दिखा विजयादशमी का उल्लास: सीपी बोले— 'सत्य की हमेशा जीत होती है
वाराणसी पुलिस लाइन में विजयादशमी पर पुलिस परिवार संग रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन, बच्चों और परिजनों में दिखा खासा उत्साह
वाराणसी (भदैनी मिरर): विजयादशमी के पावन अवसर पर मंगलवार (20 अक्टूबर 2026) को वाराणसी पुलिस लाइन में एक भव्य और आत्मीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल की मौजूदगी में पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों के साथ रावण दहन का कार्यक्रम संपन्न हुआ।

"असत्य और अन्याय का अंत निश्चित"
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने विजयादशमी के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि—
"दशहरा हमें सिखाता है कि असत्य और अन्याय का अंत निश्चित है। पुलिस भी इसी आदर्श को आत्मसात कर समाज में न्याय और सुरक्षा की स्थापना के लिए सतत् प्रयासरत है।"
उन्होंने आगे कहा कि जिस प्रकार दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, ठीक उसी प्रकार पुलिस का परम कर्तव्य है कि वह अपराध और अन्याय के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करे, अपराधियों को न्यायालय के माध्यम से सजा दिलाए और समाज में शांति, सुरक्षा व विश्वास का माहौल बनाए रखे।
पुलिस परिवार संग बिताए पल, बच्चों में दिखा उत्साह
रावण दहन के दौरान पुलिस लाइन परिसर में उत्सव और उल्लास का माहौल रहा। पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के बच्चों और परिवारजनों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया, जिससे आयोजन में पारिवारिक एकजुटता और सामूहिकता का भाव नजर आया।
सीपी मोहित अग्रवाल ने समस्त पुलिसकर्मियों, उनके परिजनों और काशीवासियों को विजयादशमी तथा आगामी त्योहारों की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

