
बरेका महाप्रबंधक ने कर्मशाला, चिकित्सालय और कर्मचारी कैंटीन का जाना हाल
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों से की वार्ता, गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर



भोजन की गुणवत्ता और कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं की ली जानकारी
वाराणसी, भदैनी मिरर। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने सोमवार को कर्मशाला के विभिन्न शॉप्स, बरेका केंद्रीय चिकित्सालय और कर्मचारी कैंटीन का निरीक्षण कर व्यवस्था की जानकारी ली।
महाप्रबंधक ने शॉप फ्लोर का भ्रमण करते हुए निर्माणाधीन कार्यों, लोको उत्पादन की प्रगति, कार्यस्थल की संरक्षा, स्वच्छता और कार्यकुशलता की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लोको उत्पादन लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही कार्य की गुणवत्ता में निरंतर सुधार पर बल दिया। उन्होंने स्वच्छता अभियान 5.0 के अंतर्गत चल रहे सफाई कार्यों की सराहना की। इसके बाद नरेश पाल सिंह ने कर्मचारी कैंटीन का निरीक्षण किया। उन्होंने कैंटीन में स्वयं भुगतान कर अपने सहयोगी कर्मचारियों को चाय पिलाई, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था और बैठने की सुविधाओं का जायजा लिया। महाप्रबंधक ने बरेका केंद्रीय चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया।



उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता देखी। बच्चा वार्ड, महिला वार्ड और पुरुष वार्ड में जाकर मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने यह भी देखा कि चिकित्सालय कर्मचारियों की सुविधाओं की भी जानकारी ली। स्वच्छता, एवं डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन प्रणाली को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सालय में हाल ही में स्थापित पूर्णतः स्वचालित बीपी ट्रैकर मशीन का निरीक्षण किया। कॉन्ट्रैक्ट दिव्यांगजन कर्मचारियों के कार्यो को भी परखा। उन्होंने महिला वार्ड, प्रयोगशाला, पुरुष वार्ड और रजिस्ट्रेशन कार्यालय के कार्यों की सराहना की। महाप्रबंधक ने कहा कि दिव्यांगजन कर्मचारी शक्ति स्वरूप हैं। उनकी लगन और प्रतिबद्धता मानवीय मूल्यों का प्रतीक है। हम उन्हें हर संभव अवसर और सम्मान प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस अवसर पर मुख्य इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार सिंह, उप मुख्य इंजीनियर साकेत, डॉ. मधुलिका, डॉ. संतोष कुमार मौर्य सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण रहे।


