उलटी गिनती शुरू...PM मोदी ने तस्वीरें शेयर कर बढ़ाई उत्सुकता, 7 फोटो किए पोस्ट
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी: धर्मनगरी वाराणसी में भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ को लेकर उत्साह अब अपने चरम पर पहुंच गया है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर इस ऐतिहासिक आयोजन का रोमांच और बढ़ा दिया है। पीएम मोदी की इस पोस्ट के बाद काशीवासियों और पर्यटकों में रविवार को होने वाले एयर शो को लेकर उत्सुकता और अधिक बढ़ गई है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर बढ़ाया रोमांच
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर वाराणसी एयर शो से जुड़ी 7 तस्वीरें साझा करते हुए लिखा:
‘उलटी गिनती शुरू हो गई है। कल वाराणसी में गंगा के ऊपर पंखों का रोमांच।’
प्रधानमंत्री के इस संदेश ने सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर ली हैं और लोग इस भव्य आयोजन के पल-पल के अपडेट का इंतजार कर रहे हैं।
नमो घाट के पास दिखेगा वायुसेना का अदम्य शौर्य
रविवार को वाराणसी के प्रसिद्ध नमो घाट के आसपास आयोजित होने वाले इस एयर शो में भारतीय वायुसेना के अत्याधुनिक लड़ाकू विमान और प्रसिद्ध एरोबैटिक टीमें आसमान में अपने अजब-गजब कौशल और कलाबाजियों का प्रदर्शन करेंगी। मां गंगा की पावन धारा और काशी के ऐतिहासिक घाटों की भव्य पृष्ठभूमि में होने वाला यह प्रदर्शन इस आयोजन को और अधिक अलौकिक बनाएगा।
प्रशासन द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, एयर शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है। इसके मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और यातायात प्रबंधन को भी पूरी तरह दुरुस्त कर लिया गया है ताकि दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वायुसेना के पायलटों का यह अद्भुत कौशल और विमानों की गर्जना काशी के आसमान में एक नया इतिहास रचेगी, जिसके लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
