वाराणसी में थार का तांडव: बाइक को 100 मीटर तक घसीटा, मां-बेटी की दर्दनाक मौत
रिंग सेरेमनी से लौट रहे परिवार को काल बनकर आई थार ने रौंदा; दुबई में है पति, घायल देवर की 15 दिन पहले ही हुई थी शादी।
वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क):
वाराणसी के लहरतारा-मोहनसराय सिक्स लेन पर रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार थार जीप ने बाइक सवार परिवार को ऐसी टक्कर मारी कि खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। टक्कर के बाद बाइक थार के अगले हिस्से में फंस गई और चालक बेखौफ होकर उसे करीब 100 मीटर तक घसीटता रहा। इस दर्दनाक हादसे में मां और उसकी 4 वर्षीय मासूम बेटी की मौके पर ही जान चली गई।


रिश्तेदार की रिंग सेरेमनी से लौट रहा था परिवार
मिर्जामुराद के बेनीपुर निवासी सोनी राजभर (26), अपनी 4 वर्षीय बेटी आराध्या और देवर मनीष राजभर के साथ मढ़ौली गांव में एक रिश्तेदार की रिंग सेरेमनी में शामिल होने आई थीं। रात करीब 11:30 बजे जब तीनों बाइक से वापस लौट रहे थे, तभी भुल्लनपुर के पास पीछे से आ रही थार जीप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि कुचलने के बाद भी चालक ने गाड़ी नहीं रोकी।

दुबई में है पति, घर में मची चीख-पुकार
मृतका सोनी का पति मनोज राजभर परिवार के भरण-पोषण के लिए दुबई में काम करता है। घर पर एक साथ दो मौतों की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मनीष राजभर की स्थिति और भी हृदयविदारक है; मनीष की शादी महज 15 दिन पहले हुई थी। घर में अभी नई नवेली दुल्हन के स्वागत की रस्में पूरी भी नहीं हुई थीं कि इस हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। मनीष का इलाज फिलहाल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, जहाँ उसकी हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है।

ग्रामीणों का भारी आक्रोश और चक्काजाम
हादसे के बाद आरोपी चालक थार छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बेनीपुर गांव के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। स्थिति को तनावपूर्ण देखते हुए एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा और मंडुवाडीह थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा देकर देर रात जाम खुलवाया।
पुलिस की कार्रवाई
डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि दुर्घटना करने वाली थार जीप को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और गाड़ी के नंबर के आधार पर मालिक व चालक की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। घटनास्थल के साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
