पीपा पुल की रेलिंग तोडते दो सवारियों समेत गंगा में समा गया टाटा जेस्ट वाहन, मची अफरातफरी
चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी पुल पर हुआ हादसा
ग्रामीणों और मछुआरों की मदद से दोनों को निकाला गया
वाराणसी, भदैनी मिरर। वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी पीपा के पुल पर बुधवार शाम चंदौली जिले से वाराणसी आ रही टाटा जेस्ट वाहन अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए गंगा में गिर गई। इस घटना से अफरातफरी मच गई। वाहन में दो लोग सवार थे। दुर्घटना देख ग्रामीणों और मछुआरों ने उनकी मदद की और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।


जानकारी के अनुसार चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के सचिन यादव और प्रभाकर वाहन में सवार होकर वाराणसी की ओर आ रहे थे। तभी अचानक पीपा पुल पर वाहन अनियंत्रित हो गया और रेलिंग तोड़ते हुए गंगा में जा गिरी। वाहन समेत दो व्यक्तियों के गंगा में गिरने की खबर मिलते ही खलबली मच गई। आसपास के लोग और मछुवारे शोर मचाते दौड़े। मछुआरे गंगा में कूद पड़े। उसमें सवार दोनों को बाहर तो निकाल लिया गया लेकिन दुर्घटनाग्रस्त वाहन गंगा नदी में डूब गया है। सूचना पर चौबेपुर पुलिस पहुंची। पुलिस मछुआरों और अन्य तकनीकी जानकारों की मदद से डूबे वाहन को बाहर निकालने का प्रयास कर रही है।

