बनारस में 'स्वैग वाले चोर' का कारनामा: शोरूम में नहाया, म्यूजिक बजाकर किया डांस, फिर 4.5 लाख की लग्जरी बाइक लेकर रफूचक्कर
शीशे का गेट तोड़कर घुसा, फ्रिज से पानी पीकर फिल्मी अंदाज में लगाए ठुमके
वाराणसी (भदैनी मिरर)। धर्मनगरी वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र से चोरी का एक बेहद अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 'ट्रॉयम्फ वाराणसी' (Triumph Varanasi) बाइक एजेंसी/शोरूम में घुसे एक चोर ने वारदात को अंजाम देने से पहले जो 'स्वैग' दिखाया, उसका सीसीटीवी वीडियो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


चोर ने पहले एजेंसी का शीशे का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया, फ्रिज से ठंडा पानी पिया, वाशरूम में नहाया और काउंटर पर अपने अंडरगारमेंट्स सुखाने रख दिए। इसके बाद रिसेप्शन पर म्यूजिक बजाकर जमकर डांस किया और अंत में जनरल मैनेजर की करीब 4.50 लाख रुपये कीमत की लग्जरी केटीएम (KTM) बाइक लेकर आराम से फरार हो गया।

सोशल मीडिया पर लोग बता रहे थे 'मनगढ़ंत कहानी', CCTV सामने आते ही उड़े होश
घटना के बाद शुरुआत में जब इस वारदात की कहानी बिना वीडियो के सामने आई, तो कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे मनगढ़ंत करार दिया था और सबूत के तौर पर चोर के डांस का वीडियो मांगा था।
-
दबाव के बाद जारी हुआ फुटेज: सूत्रों के मुताबिक, शुरुआत में शोरूम प्रबंधन की ओर से सीसीटीवी फुटेज जारी करने में आनाकानी की जा रही थी। हालांकि, मीडिया में खबरें बनने के बाद आखिरकार सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक किया गया, जिसने पूरी घटना की पुष्टि कर दी।
-
बेफिक्र अंदाज में बिताया समय: सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोर बिना किसी डर के शोरूम के अंदर घूम रहा है, आराम फरमा रहा है और फिर डांस करते हुए वारदात को अंजाम देता है।
पुलिस की टीम चोर की तलाश में जुटी
जनरल मैनेजर की महंगी केटीएम बाइक चोरी होने और शोरूम में इस तरह के हाई-प्रोफाइल ड्रामे के बाद मंडुवाडीह पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का बयान
मंडुवाडीह थाना पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर के हुलिए का मिलान कराया जा रहा है। सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों की मदद से 'स्वैग वाले चोर' की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार कर बाइक बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
