Swachhta Abhiyan Varanasi: 95 बटालियन CRPF और सृजन न्यास ने मानस पार्क में चलाया स्वच्छता अभियान
गांधी व शास्त्री जयंती पर दुर्गाकुंड के मानस नगर में CRPF, NDRF, नगर निगम और सृजन न्यास का संयुक्त आयोजन; कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकार ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।
वाराणसी (भदैनी मिरर): राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री जी की पावन जयंती के अवसर पर वाराणसी में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक बड़ा अभियान चलाया गया। 95 बटालियन सीआरपीएफ (CRPF), 'सृजन सामाजिक विकास न्यास' तथा नगर निगम वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में दुर्गाकुंड स्थित मानस नगर कॉलोनी के मानस पार्क में बृहद स्वच्छता अभियान, जन जागरूकता रैली और वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन हुआ।

पर्यावरण संरक्षण के बिना स्वस्थ जीवन संभव नहीं: कमांडेंट
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 95 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट श्री राजेश्वर एस. बालापुरकार ने गांधी जयंती के उपलक्ष्य में पार्क में पौधारोपण किया। उन्होंने कॉलोनी वासियों को कम से कम एक-एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की जिम्मेदारी सौंपी।
कमांडेंट बालापुरकार ने कहा, "पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी पूरे काशीवासियों और देशवासियों की है। प्रकृति को स्वच्छ और हरा-भरा बनाए बिना स्वस्थ जीवन की कल्पना भी संभव नहीं है।"
महापुरुषों के नाम पर लगाए गए आम के पौधे
सृजन सामाजिक विकास न्यास के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश 'गंगा हरितिमा अभियान' के ब्रांड एंबेसडर श्री अनिल कुमार सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों, जवानों और नागरिकों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और पौधारोपण की शपथ दिलाई।
अभियान के तहत मानस पार्क और आसपास के इलाकों में गहन सफाई की गई। इसके बाद बापू और शास्त्री जी की स्मृति में महापुरुषों के नाम से आम के पौधे रोपे गए।
CRPF, NDRF और नगर निगम की रही संयुक्त सहभागिता
इस राष्ट्रहितैषी कार्यक्रम में एनडीआरएफ (NDRF) के असिस्टेंट कमांडेंट श्री आशीष सिंह चौहान, प्रो. पारस नाथ उपाध्याय, अनूप कुमार दुबे, पार्षद अक्षयबर सिंह, प्रवीण सिंह, नगर निगम की टीम, सीआरपीएफ 95 बटालियन के इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह की टीम तथा सृजन सामाजिक विकास न्यास के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने एक सुर में "स्वच्छ काशी, सुंदर काशी, हरित काशी" का संकल्प दोहराया।

