वाराणसी में राज्य स्तरीय जूनियर बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता का आगाज: 18 मंडलों की टीमें दिखाएंगी दमखम
17 से 19 नवंबर तक वाराणसी पब्लिक स्कूल (लोहता) में होंगे रोमांचक मुकाबले; लगभग 250 खिलाड़ी और 50 निर्णायक लेंगे हिस्सा।
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी: धर्मनगरी वाराणसी एक बार फिर खेल के एक बड़े महाकुंभ की मेजबानी करने जा रही है। उत्तर प्रदेश के सभी 18 मंडलों की टीमें 17 से 19 नवंबर तक वाराणसी में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय जूनियर बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता में अपने खेल कौशल और दमखम का प्रदर्शन करेंगी। स्वर्गीय श्री श्याम नारायण पाण्डेय जी की 10वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेशभर से लगभग 250 खिलाड़ी और 50 निर्णायक (ऑफिशियल) प्रतिभाग कर रहे हैं।


वाराणसी पब्लिक स्कूल, लोहता में होंगे मुकाबले
तीन दिवसीय इस रोमांचक खेल प्रतियोगिता का आयोजन वाराणसी के लोहता स्थित वाराणसी पब्लिक स्कूल, केराकतपुर के आधुनिक हैंडबॉल कोर्ट पर किया जाएगा। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव श्री अमित पाण्डेय ने जानकारी दी कि यह पूरी प्रतियोगिता लीग-कम-नॉकआउट आधार पर खेली जाएगी।
प्रतियोगिता में सभी 18 मंडलों की टीमों को चार पूल में विभाजित किया गया है। प्रत्येक पूल से शीर्ष दो टीमें नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई करेंगी। इसके पश्चात क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों के जरिए प्रतियोगिता के विजेता का फैसला होगा। इन तीन दिनों में कुल 40 रोमांचक मैच खेले जाएंगे।
समय सारणी (मैच का समय)
खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की सुविधा के लिए मैच दो सत्रों में आयोजित होंगे:
-
प्रातः सत्र: सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
-
सायं सत्र: शाम 4:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक
खेल मंत्री करेंगे भव्य उद्घाटन, सांसद करेंगी समापन
प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन 17 नवंबर को उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री गिरीश चंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राम सकल पटेल और जिला महामंत्री श्री संजीव सिंह गौतम अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
वहीं, 19 नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी गरिमामयी उपस्थिति रहेंगी और विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगी।
खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की विशेष व्यवस्था
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों और ऑफिशियल के ठहरने की उत्तम व्यवस्था ज्ञानदायिनी महिला महाविद्यालय, परंपुर, अकेलवां, वाराणसी में की गई है।
प्रेस वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष श्री प्रखर शुक्ल, एस. एन. पाण्डेय खेल संस्थान की ट्रस्टी श्रीमती उपमा पाण्डेय, वाराणसी हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष श्री संतोष पाण्डेय तथा संयुक्त सचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता श्री अनुप गुप्ता उपस्थित रहे। प्रेस वार्ता की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के कार्यकारी महासचिव श्री अमित पाण्डेय ने की।
