वाराणसी: फौजी की पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
चौबेपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर कलां गांव की घटना, तीन माह के बच्चे की मां की मौत से इलाके में मचा हड़कंप
वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कादीपुर कलां गांव में शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सैन्यकर्मी की 25 वर्षीय पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान पूर्णिमा प्रजापति के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक, पूर्णिमा ने अपने कमरे में पंखे से साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी। घरवालों की नजर पड़ते ही उसे फंदे से उतारकर लेढ़ूपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।


मृतका के पति अनुराग प्रजापति उर्फ धर्मेंद्र सेना में कार्यरत बताए जा रहे हैं।
शादी को हुआ था एक साल भी पूरा नहीं
पूर्णिमा के पिता, अलीनगर निवासी महेश चंद्र ने बताया कि बेटी की शादी 7 फरवरी 2025 को हुई थी। पूर्णिमा का तीन माह का एक बच्चा भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज को लेकर बेटी को प्रताड़ित कर रहा था।

पिता ने पति समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर चौबेपुर थाने में दी है।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
घटना की सूचना पर सारनाथ सर्किल के एसीपी विदुष सक्सेना और चौबेपुर थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जाएगी।
