Sant Ravidas Jayanti 2026: वाराणसी में 30 जनवरी से 1 फरवरी तक ट्रैफिक डायवर्जन, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
संत रविदास जयंती कार्यक्रम को लेकर कई मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित, शहर में बसों के लिए भी बदला गया रूट
वाराणसी, भदैनी मिरर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती 2026 के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रमों को देखते हुए यातायात पुलिस, कमिश्नरेट वाराणसी ने नगरवासियों की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनज़र 30 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
यातायात पुलिस के अनुसार, 30 जनवरी को सुबह 8 बजे से 1 फरवरी की रात 12 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और वैकल्पिक मार्गों से आवागमन कराया जाएगा।


संत रविदास मंदिर क्षेत्र में रोक एवं डायवर्जन
- भगवानपुर मोड़ से किसी भी वाहन को संत रविदास मंदिर की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। वाहन नगवा / मालवीय गेट की ओर डायवर्ट होंगे।
- रमना चौकी तिराहा से संत रविदास मंदिर तिराहा की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहन डाफी की ओर भेजे जाएंगे।
- संत रविदास मंदिर तिराहा से मंदिर की ओर किसी भी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। वाहन रमना चौकी तिराहा और भगवानपुर की ओर डायवर्ट होंगे।
- मारुति नगर तिराहा से भगवानपुर (संत सरवनदास यात्री निवास) की ओर किसी भी प्रकार के वाहन नहीं जाएंगे।
- लोटूबीर अंडरपास चौराहा से कार्यक्रम से संबंधित वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहन रविदास मंदिर की ओर नहीं जाएंगे और उन्हें नुवाव चौराहा की ओर मोड़ा जाएगा।
शहर के भीतर बसों के लिए विशेष डायवर्जन व्यवस्था
- रामनगर चौराहा से वाराणसी की ओर आने वाले सभी वाहन सामनेघाट पुल की ओर नहीं जाएंगे, उन्हें टेंगरा मोड़ की ओर डायवर्ट कर NH-19 के जरिए भेजा जाएगा।
- सामनेघाट पुल पश्चिमी से नगवा चौकी की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। वाहन हरसेवानंद कॉलेज मार्ग से जाएंगे।
- रविदास गेट से थाना लंका या नगवा चौकी की ओर किसी भी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। वाहन मालवीय गेट चौराहा से होकर जाएंगे।
- अमेठी कोठी तिराहा से रविदास घाट की ओर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाहन रविदास गेट / नगवा चौकी की ओर डायवर्ट होंगे।
- नगवा चौकी से भगवानपुर मोड़ की ओर किसी भी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। वाहन सामनेघाट की ओर भेजे जाएंगे।
- नरिया तिराहा से बीएचयू चौराहा की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। वाहन करौंदी – नुवाव अंडरपास – भिखारीपुर तिराहा मार्ग से जाएंगे।
- NH-19 के पास पुराने रमना पुलिस चौकी डायवर्जन स्थल से कार्यक्रम से संबंधित बसों को छोड़कर अन्य सभी बसें अमरा अखरी / टेंगरा मोड़ की ओर भेजी जाएंगी।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें, अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित क्षेत्रों में न जाएं और यात्रा से पूर्व वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अवश्य लें, जिससे जाम और असुविधा से बचा जा सके।

