Varanasi: रामनगर में पुलिस पर पथराव: दरोगा समेत 8 घायल, 37 गिरफ्तार
ग्राम प्रधान से विवाद के बाद भड़की भीड़, तीन थानाध्यक्षों की गाड़ियां तोड़ीं
Nov 10, 2025, 10:09 IST
WhatsApp
Group
Join Now

वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में रविवार रात ग्राम प्रधान से विवाद के बाद ग्रामीणों ने पुलिस पर जमकर पथराव कर दिया। इसमें दरोगा पंकज पांडेय सहित आठ लोग घायल हो गए। अराजक भीड़ ने तीन थानाध्यक्षों की गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को लाठियां भांजकर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा। देर रात तक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 37 लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें 10 महिलाएं शामिल हैं।
सूचना पर डीसीपी काशी जोन गौरव वंशवाल, एसीपी कोतवाली अतुल अंजान त्रिपाठी और आसपास के दस थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए राजकीय अस्पताल रामनगर में भर्ती कराया गया।
क्या है पूरा मामला
सुल्तानपुर गांव में शनिवार शाम से पेयजल आपूर्ति बाधित थी। रविवार सुबह ग्रामीण विशेष मौर्य ग्राम प्रधान रितु देवी के घर पहुंचे और जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की। प्रधान प्रतिनिधि मान सिंह ने बताया कि पाइप लाइन में लीकेज है, जिससे दूषित पानी जा सकता है। इसी बात पर दोनों में विवाद और मारपीट हो गई।



इसके बाद विशेष मौर्य और उनके साथी रोहित मौर्य ने ग्रामीणों को बुला लिया और प्रधान पक्ष से झड़प हो गई। प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों — विशेष, रोहित और दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया।
इस गिरफ्तारी से नाराज ग्रामीण दुर्गामंदिर-पंचवटी मार्ग पर सुबह से ही धरने पर बैठ गए। जाम लगाकर वे प्रधान की माफी और आरोपियों की रिहाई की मांग करने लगे। शाम तक कई बार पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन रात करीब 8:30 बजे ग्रामीणों ने अचानक पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई
पथराव में दरोगा पंकज पांडेय, हेड कांस्टेबल जगदीश कुमार, कांस्टेबल गौरव मिश्रा, समेत आठ लोग घायल हुए। राहगीर रमेश और अंकित भी चोटिल हुए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और रात 1:30 बजे तक 37 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

डीसीपी काशी जोन गौरव वंशवाल ने बताया — “ग्राम प्रधान से विवाद के बाद पुलिस पर हमला किया गया। 37 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।”


