वाराणसी में अब थमेगा बारिश का दौर, 8 डिग्री तक उछलेगा पारा; लू चलने का अलर्ट जारी
"बनारस में गर्मी का 'येलो अलर्ट', लू के थपेड़ों के साथ पारा जाएगा 40 के पार"
भदैनी मिरर, वाराणसी। काशीवासियों के लिए मौसम को लेकर एक बड़ी खबर है। अप्रैल के महीने में पिछले दिनों हुई बेमौसम आंधी और बारिश से मिली राहत अब खत्म होने वाली है। वाराणसी में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदल रहा है। ठंडी सिहरन की जगह अब तेज धूप और झुलसाने वाली 'लू' लेने वाली है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले दिनों में तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक की भारी बढ़ोतरी देखी जा सकती है।


अगले 3 दिन संभलकर, 35 KM की रफ्तार से चलेंगी गर्म हवाएं
मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 10, 11 और 12 अप्रैल को वाराणसी और आस-पास के इलाकों में तेज सूखी हवाएं चलने के आसार हैं। इन हवाओं की गति 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। यह हवाएं लू (Heat Wave) जैसी स्थिति पैदा करेंगी, जिससे दोपहर के समय घर से बाहर निकलना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।

तेजी से चढ़ रहा है पारे का ग्राफ
बृहस्पतिवार के आंकड़ों पर नजर डालें तो जिले का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के मुकाबले 2 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, यह सामान्य से नीचे है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अब इसमें तेजी से उछाल आएगा।

क्यों बदल रहा है मौसम का मिजाज?
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार "वर्तमान में कोई भी सक्रिय मौसम तंत्र (Weather System) मौजूद नहीं है। अभी तक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और जेट स्ट्रीम के प्रभाव के कारण बारिश और कम तापमान बना हुआ था। अब यह प्रभाव पूरी तरह समाप्त हो चुका है, जिससे दिन का पारा 6 से 8 डिग्री और रात का तापमान 4 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है।"
भदैनी मिरर की सलाह: बरते सावधानी
मौसम में अचानक आए इस बदलाव के कारण स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
* दोपहर के समय बाहर निकलते समय सूती कपड़े पहनें और सिर ढक कर रखें।
* लू से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
* अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने के कारण गर्मी का प्रकोप और बढ़ेगा।
