वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडित‘ को लेकर काशी में विरोध, बटुकों ने की नारेबाजी
अभिनेता मनोज वाजपेई के लिए कहा-एक कलाकार को अपनी भूमिका के चयन में अधिक संवेदनशीलता बरतनी चाहिए
धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से बनाई गई सीरीज
वाराणसी, भदैनी मिरर। वेब सीरीज “घूसखोर पंडित“ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की दिल्ली, भोपाल, पश्चिमी यूपी से होती हुई आंच अब काशी तक पहुंच। काशी के ब्राह्मणों ने बटुकों के साथ शुक्रवार को अहिल्याबाई घाट पर वेब सीरीज “घूसखोर पंडित“ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वाले वेब सीरीज में मुख्य भूमिका निभानेवाले अभिनेता मनोज वाजपेई की तस्वीर लिए हुए थे।


प्रदर्शन में शामिल ब्राह्मणों का कहना है कि यह वेब सीरीज उनके धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को ठेस पहुंचा रही है। सीरीज में ब्राह्मणों को नकारात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया है, जो समाज में गलत संदेश फैला सकता है। इस तरह की सामग्री से धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं और इसे तत्काल बंद किया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान बटुकों ने वेब सीरीज के खिलाफ नारेबाजी की और उसके निर्माता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मनोज वाजपेई को लेकर कहाकि एक कलाकार को अपनी भूमिका के चयन में अधिक संवेदनशीलता बरतनी चाहिए, खासकर जब वह किसी धार्मिक समुदाय से संबंधित विषय पर काम कर रहा हो। सदस्यों ने कहा कि वे इस मामले को लेकर आगे भी आवाज उठाते रहेंगे और किसी भी प्रकार की धार्मिक भावनाओं का अपमान सहन नहीं करेंगे।

आपको बता दें कि दिल्ली हाईकोर्ट में इसको लेकर याचिका दायर की गई है। लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली में फिल्म घूसखोर पंडित के निर्देशक व उनके खिलाफ सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने व वैमनस्यता फैलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा देश में कई जगह मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। भोपाल और पश्चिमी यूपी में भी ब्राह्मण वर्ग खफा है।

