वाराणसी में देव दीपावली और छठ की तैयारियां तेज: महापौर और नगर आयुक्त ने घाटों का किया औचक निरीक्षण
अस्सी घाट से नाव और पैदल घूमकर मेयर अशोक कुमार तिवारी व नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने परखी व्यवस्थाएं; साफ-सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के आदेश।
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी: काशी के सबसे बड़े और पावन पर्वों—छठ पूजा और देव दीपावली—के भव्य आयोजन को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शहर में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं, सुरक्षा और स्वच्छता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम के शीर्ष अधिकारियों ने गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।


अस्सी घाट से शुरू हुआ निरीक्षण दौरा
आगामी पर्वों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संयुक्त रूप से अस्सी घाट से पैदल और नाव के माध्यम से गंगा घाटों का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग), सीढ़ियों की स्थिति और अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं की बारीकी से जांच की।

स्वच्छता और सुरक्षा को प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि काशी में देव दीपावली और छठ महापर्व का वैश्विक महत्व है। इन आयोजनों पर देश-विदेश से भारी संख्या में पर्यटकों और श्रद्धालुओं का आगमन होता है, इसलिए यह सुनिश्चित करना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि सभी घाटों पर उच्च कोटि की स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था मिले।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को कड़ी हिदायत दी कि घाटों की विशेष और नियमित सफाई अभियान चलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन स्थानों पर मरम्मत कार्य या प्रकाश व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी है, उसे समयबद्ध तरीके से पूरा कर लिया जाए ताकि पर्व के दौरान किसी को असुविधा का सामना न करना पड़े।
