गुमटी में खुलेआम गांजा विक्री को पुलिस ने लिया संज्ञान, दो दरोगाओं के खिलाफ जांच शुरू
सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफॉर्म पर गांजा विक्री का वीडियो हुआ था वायरल
शहर के कई भांग के ठेकों के आसपास खुलेआम बिक रहा है गांजा, नहीं लिया जा रहा संज्ञान
वाराणसी, भदैनी मिरर। सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से जंसा थाने के जंसा कस्बा चौकी अंतर्गत हरसोस क्षेत्र में खुलेआम धड़ल्ले से गुमटी में बिक रहा गांजा” संबंधी एक वायरल वीडियो प्राप्त पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गया और उन्होंने इसका संज्ञान ले लिया है। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन आकाश पटेल ने मामले को गंभीरता से लिया है।


मामले की जांच अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन को सौंपी गई है। वह समस्त अभिलेखों एवं साक्ष्यों का परीक्षण कर आख्या प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही चौकी इंचार्ज पवन यादव, चौकी प्रभारी कस्बा जंसा के विरुद्ध प्रारंभिक जांच प्रारंभ की गई है। वैसे जंसा क्षेत्र में गुमटी से गांजा बेचने के वीडियो को तो संज्ञान ले लिया लेकिन शहर के अधिकतर भांग के ठेकों के आसपास खुलेआम गांजा बिक रहे हैं।

भोजूवीर सब्जी मंडी चौराहे पर लगातार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहती है। पुलिस अधिकारी आयेदिन निरीक्षण भी करने आते हैं। इसके दस कदम की दूरी पर ठेके के पास आराम से गांजे की पुड़िया उपलब्ध रहती है। इसके अलावा कमच्छा रोड से लगायत शहर के कई ठेकों के आसपास गांजा बिक्री की सूचनाएं हैं। आम आदमी रोज इन हरकतों को देख रहा है। क्षेत्र के आसपास के लोगों को इसकी मुकम्मल जानकारी है। इसका पुलिस अधिकारी कैसे संज्ञान लेंगे यह वही जानें।

