PM Modi Varanasi Visit: करोड़ो की सौगात लेकर काशी पहुंचे पीएम मोदी, होगा देश का सबसे लंबा रोड शो; दिग्गज नेताओं का जमावड़ा
एक साल बाद बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंचेंगे प्रधानमंत्री, भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई वीवीआईपी वाराणसी में मौजूद
वाराणसी। वाराणसी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय प्रवास पर आज काशी की पावन धरा पर पहुंच चुके हैं। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर शिव की नगरी पूरी तरह से 'मोदीमय' हो चुकी है।


दिग्गजों ने की प्रधानमंत्री की अगवानी
प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार दोपहर विशेष विमान से वाराणसी पहुंचे। हवाई अड्डे पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी अगवानी की। इस दौरान उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, साथ ही प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। विशेष रूप से, भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए मौजूद रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का प्रधानमंत्री के साथ यह पहला वाराणसी दौरा है।

सजेगी काशी: होगा 15 किमी का सबसे लंबा रोड शो
प्रधानमंत्री मोदी बुधबार को काशी के इतिहास का सबसे लंबा रोड शो करने जा रहे हैं। बरेका से शुरू होकर यह मेगा रोड शो मंडुवाडीह, फुलवरिया फ्लाईओवर, लहुराबीर और मैदगिन होते हुए बाबा विश्वनाथ धाम तक जाएगा। यह रोड शो की कुल दूरी लगभग 15 किलोमीटर बताई जा रही है। इससे पहले पीएम ने 13 मई 2024 को लोकसभा चुनाव के दौरान बीएचयू से विश्वनाथ मंदिर तक रोड शो किया था।

एक साल बाद बाबा विश्वनाथ के दर्शन
पीएम मोदी आखिरी बार नवंबर 2025 में वाराणसी आए थे। लगभग एक साल के लंबे अंतराल के बाद 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री काशी विश्वनाथ मंदिर में मत्था टेकेंगे और बाबा का आशीर्वाद लेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन और रोड शो को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पूरे रूट को फूलों व लाइटों से सजाया गया है।
वाराणसी के चप्पे-चप्पे पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। बरेका से लेकर विश्वनाथ मंदिर तक का इलाका अभेद्य किले में तब्दील हो चुका है।
