काशी से पीएम मोदी देंगे ट्रेनों की सौगात: अयोध्या-मुंबई 'अमृत भारत' और वाराणसी-पुणे ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी, जानें पूरा शेड्यूल
दो ट्रेनों का होगा शुभारंभ: अयोध्या और पुणे के लिए नई राह
PM Modi Kashi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को करोड़ों की सौगात देने आ रहे हैं। आगामी 28 अप्रैल को काशी आगमन के दौरान पीएम मोदी न केवल जनसभा को संबोधित करेंगे, बल्कि रेलवे नेटवर्क को मजबूती देते हुए दो नई ट्रेनों का शुभारंभ भी करेंगे।


भदैनी मिरर की इस रिपोर्ट में जानें पीएम मोदी के दो दिवसीय दौरे की हर बड़ी अपडेट।
दो ट्रेनों का होगा शुभारंभ: अयोध्या और पुणे के लिए नई राह
प्रधानमंत्री बरेका (BLW) जनसभा स्थल से ही उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने वाली दो महत्वपूर्ण ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे:
-
वाराणसी-पुणे ट्रेन: काशी से सीधे पुणे के लिए नई ट्रेन सेवा की शुरुआत होगी।
-
अयोध्या-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस: अयोध्या से मुंबई के बीच चलने वाली इस आधुनिक ट्रेन को पीएम मोदी वर्चुअल माध्यम से रवाना करेंगे। तैयारियों का जायजा लेने के लिए रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और वरिष्ठ अधिकारियों का दस्ता जल्द ही वाराणसी पहुंचने वाला है।
पीएम मोदी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
-
28 अप्रैल (दोपहर 2:30 बजे): पीएम मोदी बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सीधे बरेका हेलीपैड आएंगे।
-
विश्राम और जनसभा: बरेका गेस्ट हाउस में करीब एक घंटे विश्राम के बाद, शाम 4:30 बजे वह जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे। सवा घंटे तक मंच पर रहने के बाद वह अतिथि गृह लौटेंगे।
-
29 अप्रैल (दर्शन-पूजन): सुबह 7:00 बजे पीएम मोदी बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाएंगे। एक घंटे की इस यात्रा के बाद वह वापस बरेका आएंगे और कुछ विशिष्ट लोगों से मुलाकात करेंगे।
-
रवानगी: सुबह 9:30 बजे वह हरदोई के लिए प्रस्थान करेंगे।
बरेका में महिला सम्मेलन की भव्य तैयारी
प्रधानमंत्री के आगमन पर बरेका में एक विशाल महिला सम्मेलन प्रस्तावित है। भाजपा ने इसके लिए एक विशेष मॉनिटरिंग टीम बनाई है। इस सम्मेलन में अधिवक्ता, डॉक्टर, प्रोफेसर, खिलाड़ी, साहित्यकार और शिक्षक सहित विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। बूथ स्तर से लेकर शक्ति केंद्रों तक महिलाओं को न्योता भेजने की जिम्मेदारी टीम को सौंपी गई है।

काशी में शुरू हुआ विशेष सफाई अभियान
प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने स्मार्ट सिटी मुख्यालय में बैठक कर एक सप्ताह के विशेष सफाई अभियान का निर्देश दिया है।
-
निगरानी: सिटी कमांड कंट्रोल सेंटर (सीसीसी) के जरिए सफाई की मॉनिटरिंग होगी।
-
अभियान का समय: प्रतिदिन सुबह 7:30 से 9:00 बजे तक आला अधिकारी सड़कों पर उतरेंगे।
-
धुलाई और मरम्मत: डिवाइडरों और महापुरुषों की मूर्तियों की वॉटर स्प्रिंकलर से धुलाई होगी। साथ ही स्ट्रीट लाइटों और सीवर की शिकायतों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
