Movie prime
PMC_Hospital

PM Modi in Kashi: डमरू की थाप और शंखनाद के बीच बाबा के दर पर प्रधानमंत्री, त्रिशूल दिखाकर किया शिवभक्तों का अभिवादन

बरेका से विश्वनाथ धाम तक रोड शो , पीएम के एक हाथ में त्रिशूल और दूसरे में दिखा डमरू

Ad

 
PM MODI IN KASHI
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी (भदैनी मिरर): काशी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दूसरे दिन बुधवार को बाबा विश्वनाथ के चरणों में शीश नवाया। बरेका से शुरू होकर विश्वनाथ धाम तक निकले भव्य रोड शो ने पूरी काशी को 'मोदमय' कर दिया। शंख की ध्वनि, डमरूओं के निनाद और 'हर-हर महादेव' के जयघोष के बीच प्रधानमंत्री का काफिला जब मंदिर पहुंचा, तो नजारा अलौकिक था।

Ad
Ad

PM MODI IN KASHI

PM MODI IN KASHI

रोड शो में दिखा जन-अनुराग

बुधवार सुबह बरेका से प्रधानमंत्री का काफिला रवाना हुआ। मंडुवाडीह, पुलिस लाइन, लहुराबीर, मैदागिन और चौक होते हुए पीएम विश्वनाथ धाम पहुंचे। रास्ते भर भाजपा कार्यकर्ताओं और एनसीसी कैडेट्स ने उन पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा की। लहुराबीर चौराहे पर महिलाओं और युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पीएम ने भी हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन स्वीकार किया।

Ad

गर्भ गृह में विशेष पूजन और वैदिक घड़ी का दर्शन

मंदिर पहुंचने पर 51 ब्राह्मणों ने शंख ध्वनि के साथ प्रधानमंत्री की अगवानी की। पंडित ओम प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में पांच ब्राह्मणों ने पीएम मोदी को षोडशोपचार विधि से पूजन कराया। दर्शन-पूजन के बाद पीएम ने मंदिर परिसर में स्थापित विक्रमादित्य वैदिक घड़ी को बड़े ध्यान से देखा और उसकी कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। उन्होंने गंगा घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं का भी हाथ हिलाकर अभिवादन किया।

Ad

PM MODI IN KASHI

PM MODI IN KASHI

त्रिशूल और डमरू देख गदगद हुए शिवभक्त

बाबा के दरबार से बाहर निकलते समय एक अद्भुत दृश्य दिखा। मंदिर प्रशासन की ओर से सम्मान स्वरूप पीएम मोदी को त्रिशूल और डमरू भेंट किया गया। पीएम ने एक हाथ में त्रिशूल और दूसरे में डमरू लेकर बाबा के भक्तों का अभिवादन किया। यह दूसरी बार है जब पीएम का यह शिव-स्वरूप काशी की जनता के सामने आया है, जिसे देख श्रद्धालु निहाल हो उठे।

PM MODI IN KASHI

PM MODI IN KASHI

बच्चों के साथ बिताए पल

हमेशा की तरह पीएम मोदी का बच्चों के प्रति स्नेह यहाँ भी दिखा। विश्वनाथ धाम परिसर में उन्होंने नन्हे-मुन्ने बच्चों से बातचीत की। बच्चों के हाथों में पीएम के लिए खास संदेश वाले पोस्टर और छोटे-छोटे उपहार भी थे। पीएम के संवाद से बच्चे खिलखिला उठे।

अगले पड़ाव के लिए रवाना

काशी विश्वनाथ मंदिर में करीब एक घंटे का समय बिताने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से हरदोई के लिए रवाना हो गए। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे रूट पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की कड़ी तैनाती रही।