रामनगर में जलभराव से परेशान लोगों का फूटा गुस्सा, गैस-चूल्हे और बर्तन के साथ नगर निगम जोनल कार्याल के बाहर दिया धरना, दी चेतावनी




वाराणसी: रामनगर के रामपुर वार्ड स्थित रत्तापूर मोहल्ले में जलभराव की समस्या को लेकर स्थानीय निवासियों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने नगर निगम जोनल कार्यालय पर गैस चूल्हा और बर्तन लेकर धरना दिया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना था कि जलभराव के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है और मकानों को भी खतरा पैदा हो गया है।

लोगों ने बताया कि उन्होंने पहले भी नगर निगम वाराणसी और जल निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। इस बार भी प्रशासन की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

धरना प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय विधायक, महापौर, पार्षद और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस प्रदर्शन का नेतृत्व आरती देवी और विनय मौर्य ने किया। धरने में प्रमुख रूप से विनय मौर्य, आरती देवी, सपना पांडे, आसमा हसीना, पूनम सिंह, उषा देवी, ममता चौहान, रामादेवी, शाहिद मुशर्रफ, संदीप, लालू चौहान, मनसा और मंजू देवी शामिल रहीं।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

