
पद्म विभूषण शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्रा का निधन, बनारस में होगा अंतिम संस्कार
सीएम योगी और पीएम मोदी ने व्यक्त किया शोक, भारतीय शास्त्रीय संगीत जगत ने खोया अनमोल रत्न

Oct 2, 2025, 08:50 IST

WhatsApp Group
Join Now

मीरजापुर/वाराणसी। भारतीय शास्त्रीय संगीत के महान हस्ताक्षर, पद्म विभूषण सम्मानित गायक पंडित छन्नूलाल मिश्रा का गुरुवार तड़के 4:15 बजे निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनकी बेटी नम्रता मिश्रा ने जानकारी दी कि पिताजी का निधन मीरजापुर स्थित घर पर हुआ। स्वजन ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार वाराणसी (बनारस) में किया जाएगा।
बताया जाता है कि तीन सप्ताह पहले उन्हें माइनर हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने जांच के दौरान उनके सीने में इंफेक्शन और खून की कमी पाई थी। करीब तीन सप्ताह तक चले इलाज के बाद शुक्रवार को उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। इसके बाद परिजन उन्हें मीरजापुर लाए और रामकृष्ण सेवा मिशन चिकित्सालय में भर्ती कराया था। वहीं उनका इलाज चल रहा था।


इस दौरान बीएचयू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर संजीव कुमार सिंह और अन्य डॉक्टरों ने भी पंडित जी का हालचाल लिया था। परिजनों को चिकित्सकों ने विशेष देखभाल और स्वास्थ्य संबंधी सुझाव भी दिए थे।
सीएम ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा – "भारतीय शास्त्रीय संगीत के मर्मज्ञ, 'पद्म विभूषण' प्रख्यात शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र जी का निधन अत्यंत दुःखद एवं शास्त्रीय संगीत विधा की अपूरणीय क्षति है। आपने अपना पूरा जीवन भारतीय शास्त्रीय गीत-संगीत के उत्थान में समर्पित कर दिया। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करें। ॐ शांति!"

भारतीय शास्त्रीय संगीत के मर्मज्ञ, 'पद्म विभूषण' प्रख्यात शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र जी का निधन अत्यंत दुःखद एवं शास्त्रीय संगीत विधा की अपूरणीय क्षति है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 2, 2025
आपने अपना पूरा जीवन भारतीय शास्त्रीय गीत-संगीत के उत्थान में समर्पित कर दिया। आपका गायन…

पीएम ने गहरा दुख व्यक्त किया
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा – "सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उन्होंने जीवनपर्यंत भारतीय कला और संस्कृति को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह मेरा सौभाग्य रहा कि मुझे सदैव उनका स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त हुआ। वर्ष 2014 में वे वाराणसी लोकसभा सीट से मेरे प्रस्तावक भी रहे थे। शोक की इस घड़ी में मैं उनके परिजनों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। ॐ शांति!"
सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे जीवनपर्यंत भारतीय कला और संस्कृति की समृद्धि के लिए समर्पित रहे। उन्होंने शास्त्रीय संगीत को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही भारतीय परंपरा को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित करने में भी अपना अमूल्य योगदान… pic.twitter.com/tw8jb5iXu7
— Narendra Modi (@narendramodi) October 2, 2025
पंडित छन्नूलाल मिश्र का जीवन परिचय
पंडित छन्नूलाल मिश्र भारतीय शास्त्रीय संगीत के उन स्तंभों में से एक थे जिन्होंने अपने गायन के जरिए ठुमरी, दादरा, कजरी और भजन गायकी को नई ऊंचाई दी। वाराणसी की सांगीतिक परंपरा को उन्होंने न केवल देश बल्कि विदेशों में भी पहचान दिलाई। उन्हें पद्मश्री (1991), पद्मभूषण (2010) और पद्मविभूषण (2021) से सम्मानित किया गया था।
उनका निधन भारतीय संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

