एपेक्स हॉस्पिटल में गूंजा "हमारी नर्सें, हमारा भविष्य"; अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस पर सेवा और समर्पण को मिला सम्मान
पूर्व नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट श्यामलता जायसवाल ने दी प्रेरणा; सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए बताई फ्लोरेंस नाइटिंगेल की अहमियत
वाराणसी [भदैनी मिरर]: वाराणसी स्थित एपेक्स हॉस्पिटल और कॉलेज ऑफ नर्सिंग में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस के अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। चेयरमैन प्रो. डॉ. एस. के. सिंह की संरक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में नर्सों के अतुलनीय योगदान और उनके भविष्य को सशक्त बनाने पर जोर देना था। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “हमारी नर्सें, हमारा भविष्य — सशक्त नर्सें जीवन बचाती हैं” रखी गई थी।


दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ भव्य आगाज
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट श्रीमती श्यामलता जायसवाल और विशिष्ट अतिथि श्रीमती इंद्राणी श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान संस्थान की निदेशिका डॉ. अंकिता पटेल, प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. आर जोहन्सी रानी, उप-प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. गीता डी और नर्सिंग सुपरिन्टेंडेंट संगीता डेनियल भी उपस्थित रहीं। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा की देवी फ्लोरेंस नाइटिंगेल को नमन किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में नर्सिंग के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए। इस अवसर पर एक लघु नाटक का भी मंचन किया गया, जिसके माध्यम से नर्सिंग सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में फ्लोरेंस नाइटिंगेल के योगदान और उनके द्वारा दिखाई गई राह को दर्शाया गया। विद्यार्थियों की इन प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावविभोर कर दिया।

नर्सिंग सेवा ही मानवता की पहचान
मुख्य अतिथि श्रीमती श्यामलता जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि नर्सें स्वास्थ्य सेवा की रीढ़ होती हैं। उनके समर्पण और करुणा के बिना चिकित्सा क्षेत्र अधूरा है। उन्होंने युवा नर्सिंग विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्हें ईमानदारी और सेवा भाव से कार्य करने का मंत्र दिया।
निष्ठा की शपथ और केक कटिंग
कार्यक्रम के अंतिम चरण में एपेक्स हॉस्पिटल की मेट्रन पूजा सिंह के नेतृत्व में सभी नर्सिंग स्टाफ और विद्यार्थियों ने अपने कर्तव्यों को पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का संकल्प लिया। इसके बाद सामूहिक रूप से केक काटकर खुशियां बांटी गईं और एक-दूसरे को नर्सेस दिवस की बधाई दी गई।

