बनारस कचहरी बम ब्लास्ट की बरसी पर शहीद अधिवक्ताओं को दी गई श्रद्धांजलि, परिजनों को एक करोड़ मुआवजा व NIA जांच की मांग
19 साल पुराने सिलसिलेवार धमाकों की याद में कलेक्ट्रेट स्थित शहीद स्मारक पर जुटे वकील; जिला जज ने भी दीप जलाकर किया नमन
वाराणसी (भदैनी मिरर)। बनारस कचहरी में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों की 19वीं बरसी पर अधिवक्ताओं ने अपने शहीद साथियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। सोमवार दोपहर 12 बजे बड़ी संख्या में वकील कलेक्ट्रेट परिसर स्थित शहीद स्मारक पर एकत्रित हुए और दोनों शहीद स्थलों पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ मोमबत्ती जलाकर दिवंगत साथियों को नमन किया। इस दौरान पूरा परिसर "शहीद भोला सिंह अमर रहे", "शहीद ब्रह्मप्रकाश शर्मा अमर रहे" और "शहीद बुद्धिराज पटेल अमर रहे" के नारों से गूंज उठा। जिला जज ने भी मौके पर दीप प्रज्वलित कर शहीदों के प्रति अपनी संवेदना और सम्मान व्यक्त किया।

शहीद परिजनों को एक करोड़ मुआवजा व NIA जांच की मांग
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश प्रसाद सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की कि कचहरी बम ब्लास्ट में जान गंवाने वाले शहीद अधिवक्ताओं के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता (मुआवजा) दी जाए। इसके साथ ही उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष व गहन जांच देश की प्रमुख जांच एजेंसी राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) से कराने की भी पुरजोर मांग उठाई।
कार्यक्रम में ये अधिवक्ता रहे शामिल
शहीद स्मारक पर आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय, सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम, महामंत्री आशीष सिंह, गौतम कुमार झा, राजेश प्रसाद सिंह, माधव पाण्डेय, पूनम मिश्रा तथा प्रभाशंकर मिश्रा सहित कई अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे और शहीदों के बलिदान को स्मरण किया।
