पुलिस झंडा दिवस पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस लाइन में फहराया ध्वज, बताया पुलिस ध्वज का गौरवशाली इतिहास
23 नवंबर 1952 को प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने यूपी पुलिस व पीएसी को प्रदान किया था पुलिस ध्वज, देश का पहला राज्य पुलिस बल बना था उत्तर प्रदेश
भदैनी मिरर, वाराणसी। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार (23 नवंबर 2026) को कमिश्नरेट वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस लाइन में पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी। इस मौके पर उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस ध्वज के ऐतिहासिक महत्व, गौरवशाली परंपराओं और कर्तव्यनिष्ठा के विषय में विस्तृत जानकारी दी।

23 नवंबर 1952 का ऐतिहासिक संदर्भ
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि 23 नवंबर 1952 को भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने उत्तर प्रदेश पुलिस और पीएसी (PAC) को उनकी उत्कृष्ट व सराहनीय सेवाओं के मद्देनजर पुलिस ध्वज प्रदान किया था। यह सम्मान प्राप्त करने वाला उत्तर प्रदेश पुलिस बल देश का पहला राज्य पुलिस बल बना था।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि पुलिस ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं है, बल्कि यह बल के साहस, शौर्य, त्याग, समर्पण, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का परिचायक है।
जनसेवा और अनुशासन का लिया गया संकल्प
समारोह के दौरान पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को ध्वज की गरिमा व प्रतिष्ठा अक्षुण्ण रखते हुए पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह ध्वज जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनसेवा के संकल्प की याद दिलाता है। आयोजन में मौजूद पुलिसकर्मियों ने ध्वज के सम्मान और गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने तथा जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
