संविधान दिवस पर करधना में एक किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला, छात्रों ने लिया संविधान रक्षा का संकल्प
स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने बाबा साहेब को नमन कर लोगों को संविधान के प्रति किया जागरूक
वाराणसी। मिर्जामुराद में संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को आशा ट्रस्ट की ओर से सेवापुरी क्षेत्र के करधना गांव में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने करधना बाजार में करीब एक किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाकर लोगों को भारतीय संविधान के महत्व, अधिकारों और मूल कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने गांव के अंबेडकर पार्क में स्थापित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही संविधान के मूल्यों की रक्षा करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर लोक समिति के संयोजक नन्दलाल मास्टर ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। यह दिन हम सभी भारतीयों के लिए गर्व और गौरव का अवसर है। हमारा संविधान देश की एकता, अखंडता, समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे का आधार है। संविधान में निहित लोकतांत्रिक और मानवीय मूल्यों की रक्षा करना हम सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के सम्मान, अधिकार और समान अवसरों की गारंटी है। हमें संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से नन्दलाल मास्टर, आशा, मनीषा, सोनी,धनेसरा देवी बालिका इण्टर कालेज से प्रधानाचार्य निशा देवी, संजय पटेल, रविन्द्र, कैकसा बानो, लीलावती, डिस्कवरी पब्लिक स्कूल से प्रधानाचार्य अवधेश पटेल, रामरत्ती, मालती, मीना अनीता,ब्लॉसम पब्लिक स्कूल करधना, सीमा, संतोष कुमार प्रधानाचार्य, मधुबाला, सर्वेश कुमार, सीमा देवी,, सुनीता सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन दिहाड़ी मजदूर यूनियन के संयोजक रामबचन राय, अध्यक्षता अनीता पटेल धन्यवाद मनीषा ने किया।
