'2047 तक न अखिलेश CM बनेंगे, न राहुल PM', PDA को बताया 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी': वाराणसी में गरजे केशव प्रसाद मौर्य
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का विपक्ष पर तीखा हमला; बोले- वंदे मातरम भारत की आत्मा, कांग्रेस कर रही मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति।
अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर करारा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के प्रमुखों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि 2047 तक न तो अखिलेश यादव यूपी के मुख्यमंत्री बनेंगे और न ही राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बन पाएंगे।


'वंदे मातरम भारत की आत्मा, कांग्रेस कर रही तुष्टिकरण'
संसद द्वारा वंदे मातरम को लेकर पारित कानून और कांग्रेस की बयानबाजी पर बोलते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि 'वंदे मातरम' भारत की आत्मा और आजादी के आंदोलन का महामंत्र है। कांग्रेस केवल मुस्लिम वोट बैंक के लालच में इसका अपमान कर रही है और इस तरह की घटिया राजनीति की कीमत उसे चुकानी पड़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी और पूरा देश राष्ट्रगीत के सभी छह छंद गाएगा।

'अखिलेश का PDA यानी परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी'
अखिलेश यादव द्वारा बीजेपी (BJP) का मतलब "भाग जाओ पाकिस्तान" बताने के बयान पर पलटवार करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा प्रमुख लगातार बौखलाहट में हैं और 2027 में सत्ता में आने का मुंगेरीलाल का हसीन सपना देख रहे हैं।


उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) और कुछ नहीं बल्कि 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी' है। सपा सिर्फ गुंडों, माफियाओं और अपराधियों को संरक्षण देने का काम करती है। अखिलेश यादव को पिछड़ों का कोई और नेता बर्दाश्त नहीं होता, वे पिछड़ों और दलितों के जन्मजात विरोधी हैं।
'नेताजी की कमाई, सपा बहादुर ने गवाई'
जयंत चौधरी पर अखिलेश यादव की टिप्पणी और अपने सुबह के ट्वीट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत रत्न चौधरी चरण सिंह जी के पोते जयंत चौधरी का अपमान करके अखिलेश यादव ने पूरे किसान और जाट समाज का अपमान किया है। 'नेताजी की कमाई, सपा बहादुर की गवाई' का मतलब यही है कि जो राजनीतिक पूंजी मुलायम सिंह यादव ने बनाई थी, उसे अखिलेश अपनी हरकतों से गंवा रहे हैं।
'403 सीटों पर लड़ रहा हूँ चुनाव'
2027 के विधानसभा चुनाव में अपनी उम्मीदवारी और सीट को लेकर पूछे गए सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि वे किसी एक सीट पर नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश की पूरी 403 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ता मिलकर बीजेपी व एनडीए प्रत्याशियों को हर सीट पर जिताने का काम करेंगे।
सुरक्षा, महंगाई और चीनी के दामों पर बोले
अखिलेश यादव को बुलेटप्रूफ जैकेट दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां हर स्थिति की समीक्षा करती हैं, अगर सलाह दी गई है तो उन्हें जैकेट पहननी चाहिए। वहीं, बाजार में चीनी और प्याज के बढ़ते दामों पर उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है और दामों को नियंत्रित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगी।
