आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय में नवरात्रि महोत्सव की धूम, डांडिया और गरबा की थाप पर झूमीं छात्राएं
डोमरी स्थित महाविद्यालय परिसर में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम; छात्राओं और शिक्षिकाओं ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
वाराणसी (भदैनी मिरर): डोमरी, रामनगर स्थित आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय में नवरात्रि के पावन अवसर पर सांस्कृतिक एवं नवरात्रि महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। माँ दुर्गा की आराधना और नवरात्रि पर्व के उल्लास को समर्पित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं और शिक्षिकाओं ने बड़े ही उत्साह के साथ भाग लिया।

देवी स्तुति के साथ गरबा-डांडिया की धूम
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भगवती की भव्य देवी स्तुति और पूजन के साथ हुआ। इसके बाद पूरा महाविद्यालय परिसर गरबा और डांडिया की थाप से गूंज उठा। पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर आई छात्राओं ने डांडिया, गरबा, लोकनृत्य एवं भक्ति संगीत की एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
ढोल-नगाड़ों की भक्तिमय धुनों पर शिक्षिकाओं और छात्राओं ने एक साथ गरबा नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। पूरे परिसर में उत्साह, उमंग और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
संस्कृति ही हमारी पहचान: डॉ. प्रतिमा राय
कार्यक्रम के दौरान संबोधित करते हुए डॉ. प्रतिमा राय ने सभी छात्राओं और अध्यापिकाओं को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपरा और संस्कृति को जीवंत रखते हैं। साथ ही, इनसे छात्राओं के भीतर सामाजिक एकता, सांस्कृतिक जुड़ाव और आत्मविश्वास का संचार होता है।
कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय की सीएमओ श्रीमती अपूर्वा पाण्डेय ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की भारी संख्या में छात्राएं, शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
