काशी तमिल संगमम से पहले एक्शन में नगर आयुक्त: कज्जाकपुरा, सिटी स्टेशन और नमो घाट मार्ग पर गंदगी व सीवर जाम देख भड़के शाश्वत त्रिपुरारि
शनिवार सुबह स्थलीय निरीक्षण में मिली निर्माण सामग्री, धूल और जाम सीवर की समस्या; स्प्रिंकलर व व्यू कटर लगाने के निर्देश
वाराणसी (भदैनी मिरर): काशी तमिल संगमम के आयोजन से पहले वाराणसी की सड़कों, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने कमर कस ली है। शनिवार सुबह शहर के विभिन्न इलाकों के स्थलीय निरीक्षण पर निकले नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि ने साफ शब्दों में कहा कि व्यवस्थाओं और साफ-सफाई में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई तय है।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख मार्गों पर बिखरी निर्माण सामग्री, सीवर जाम और उड़ती धूल-मिट्टी की स्थिति देखकर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई और समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
कज्जाकपुरा में गिट्टी और सीवर जाम पर नाराजगी
निरीक्षण के क्रम में जब नगर आयुक्त कज्जाकपुरा फल मंडी के पास पहुंचे, तो सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद मार्ग पर गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री फैली मिली। इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तुरंत मलबा हटवाने और मार्ग को पूरी तरह साफ करने को कहा, ताकि आवागमन सुचारु रहे और शहर की छवि प्रभावित न हो।
वहीं, कज्जाकपुरा स्थित निर्माणाधीन यूनिटी मॉल के समीप निरीक्षण के दौरान सीवर जाम की समस्या सामने आई। नगर आयुक्त ने तत्काल सक्शन मशीन लगाकर सीवर की सफाई कराने और समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का आदेश दिया, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी न उठानी पड़े।
सिटी स्टेशन और नमो घाट मार्ग पर धूल नियंत्रण के निर्देश
सिटी स्टेशन के आसपास चल रहे रेलवे के निर्माण कार्य और वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क पर फैल रही धूल-मिट्टी को देखते हुए नगर आयुक्त ने बेहतर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित अंतराल पर स्प्रिंकलर मशीन से पानी का छिड़काव कराया जाए।
इसके अलावा, नमो घाट जाने वाले मार्ग पर पलंग शहीद के पास रेलवे निर्माण कार्य के चलते धूल फैलने की संभावना को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार व्यू कटर लगवाने के निर्देश दिए गए, ताकि निर्माण स्थल की धूल सड़क पर न आए और राहगीरों को राहत मिल सके।
अधिकारियों को नियमित भ्रमण की हिदायत
नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि ने सभी संबंधित अधिकारियों को दो टूक चेतावनी दी कि शहर की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमण कर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करें और निरीक्षण में सामने आने वाली खामियों को तुरंत दूर करें।



