Movie prime
PMC_Hospital

निगम मुख्यालय में गंदगी और अव्यवस्था देख भड़के नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी, अधिकारियों को लगाई फटकार

गैलरी में गंदगी, धूल-जाले और दस्तावेजों के अव्यवस्थित बंडल मिलने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए लापरवाह कर्मियों को फटकार लगाई

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी के नवागत नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी (Shashwat Tripurari) ने सोमवार को नगर निगम मुख्यालय के विभिन्न कक्षों और संपूर्ण परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में फैली अव्यवस्था और गंदगी को देखकर उन्होंने सख्त रुख अपनाया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई।

Ad

गैलरी में गंदगी और दस्तावेजों के ढेर पर भड़के नगर आयुक्त

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त जब कार्यालय की गैलरी और बरामदों से गुजर रहे थे, तो वहां रखे डस्टबिन की समुचित साफ-सफाई नहीं मिली। इसके अलावा, कार्यालय के महत्वपूर्ण अभिलेखों और सरकारी दस्तावेजों के बंडल भी बेहद अव्यवस्थित ढंग से रखे हुए पाए गए। दीवारों और कोनों में लगे जाले तथा चारों तरफ फैली लापारवाही को देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

तत्काल अनुपयोगी सामान हटाने के निर्देश

स्थिति पर सख्त नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि कार्यालय परिसर और बरामदे में रखे सभी टूटे-फूटे, अनुपयोगी टेबल, कुर्सी और कबाड़ हो चुकी अलमारियों को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। इसके साथ ही, कार्यालय कक्षों और गैलरी में लगे जालों की तुरंत सफाई कराने और डस्टबिन को नियमित रूप से साफ-सुथरा रखने की हिदायत दी गई।

स्वच्छता का खुद पेश करना होगा उदाहरण

नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि पूरे परिसर में एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए, ताकि उच्च स्तर की साफ-सफाई सुनिश्चित हो सके। दस्तावेजों के रख-रखाव में बरती जा रही लापरवाही पर उन्होंने दो टूक कहा कि सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों और दस्तावेजों के बंडलों को सुव्यवस्थित तरीके से निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही रखा जाए।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने का दावा करने वाले नगर निगम कार्यालय को खुद शहर के सामने स्वच्छता और सुव्यवस्था का एक बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। कार्यालय परिसर में गंदगी और अव्यवस्था किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी है कि वे अपने-अपने कक्षों की नियमित सफाई और रिकॉर्ड्स के रखरखाव की व्यक्तिगत जिम्मेदारी सुनिश्चित करें, अन्यथा भविष्य में लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।