बनारस में इस साल 9 दिन पहले पहुंचा मानसून, 22 जून से भारी बारिश के आसार
0.2 मिमी बूंदाबांदी के साथ मानसून ने दी दस्तक
Jun 21, 2025, 10:13 IST
WhatsApp
Group
Join Now
22 जून से गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना
अगले 5-6 दिनों तक पूर्वांचल में सक्रिय रहेगा मानसून
वाराणसी, भदैनी मिरर। काशीवासियों के लिए राहत की खबर है। इस साल मानसून ने बनारस में समय से 9 दिन पहले दस्तक दी है। हालांकि, पहले दिन सिर्फ 0.2 मिमी बूंदाबांदी के साथ शुरुआत हुई, जिससे लोगों की उम्मीदों को थोड़ी देर के लिए झटका जरूर लगा। पिछले वर्ष 29 जून को मानसून पहुंचा था, जबकि इस बार 20 जून को ही मानसून का आगमन हो गया।
शुक्रवार को काले बादलों का डेरा पूरे दिन शहर पर बना रहा, लेकिन बारिश नाम मात्र की हुई। फिर भी मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 22 जून से मौसम करवट लेगा और गरज-चमक के साथ तेज बारिश की शुरुआत हो सकती है।
वहीं, शनिवार को न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है।


उत्तर प्रदेश आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 22 जून से पूर्वांचल में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है।
डॉ. सिंह ने बताया कि फिलहाल अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों ओर से नमी से भरी हवाएं पूर्वांचल की ओर आ रही हैं। हालांकि, लो प्रेशर सिस्टम बनने की गति धीमी होने के कारण पहले दिन बारिश हल्की रही। बंगाल की खाड़ी की अपेक्षा अरब सागर की हवाओं का प्रभाव अधिक देखने को मिल रहा है।

