
विधायक नीलकंठ तिवारी ने कोनिया PHC में किया प्रसव कक्ष निर्माण का शिलान्यास, कहा- लगातार हो रहा स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार




वाराणसी, भदैनी मिरर: शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कोनिया स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में प्रसव कक्ष निर्माण का शिलान्यास किया। इसके साथ ही क्षेत्रवासियों के लिए जल्द ही इस केंद्र पर प्रसव सुविधाएं उपलब्ध होने का रास्ता साफ हो गया है। उल्लेखनीय है कि इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन जनवरी 2022 में स्वयं विधायक डॉ. तिवारी ने किया था। तब उन्होंने केंद्र पर चिकित्सीय सेवाओं के विस्तार का वादा किया था। रविवार को इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने प्रसव कक्ष निर्माण की नींव रखी।


स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार हो रहा सुधार
विधायक ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में आने वाले सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अब किराए के भवनों से हटाकर स्वामित्व वाले भवनों में स्थानांतरित किया जा चुका है। अब इन भवनों में सुविधाओं के विस्तार का कार्य जारी है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि कोनिया का यह स्वास्थ्य केंद्र भविष्य में तीन मंजिला भवन में परिवर्तित किया जाएगा, जिसमें और अधिक चिकित्सीय सेवाएं जोड़ी जाएंगी। वर्तमान में इस केंद्र से 50,000 से अधिक लोग लाभान्वित हो रहे हैं।


शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का संकल्प उन्होंने लिया है और उसी दिशा में कार्य हो रहा है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष बबलू सेठ, पार्षद पति विजय सोनकर, दीपक मौर्या, लकी भारद्वाज, विष्णु यादव, शुभम चौरसिया, विकास उपाध्याय, दीपक जायसवाल, जितेंद्र नाथ पांडे सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


