मिर्जामुराद: खड़ी बोलेरो में पीछे से घुसी तेज रफ्तार बाइक, दो युवक गंभीर रूप से घायल
सर्विस लेन पर रफ्तार का कहर; बोलेरो से टकराई बाइक, दो दोस्त लहूलुहान, हालत गंभीर
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के अंतर्गत इलेक्ट्रिक बस डिपो के सामने रविवार की सुबह एक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी बोलेरो से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।



जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह महमूरगंज निवासी मोहम्मद कैफ अपने साथी रेहान के साथ बाइक पर सवार होकर मिर्जामुराद से वाराणसी की तरफ जा रहे थे। उन्होंने हाईवे के बजाय सर्विस लेन का रास्ता चुना था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। जैसे ही वे इलेक्ट्रिक बस डिपो के सामने पहुंचे, बाइक चालक नियंत्रण खो बैठा और सर्विस लेन पर पहले से खड़ी एक बोलेरो में पीछे से बेहद जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और लहुलूहान हो गए। हादसे को देख आसपास के राहगीर और स्थानीय लोग तुरंत मौके घटस्थल को तरफ दौड़े। इसी बीच, दुर्घटना के बाद मौका पाकर बोलेरो चालक अपनी गाड़ी लेकर से तेजी से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की मदद से दोनों लहुलूहान युवकों को पास के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों युवकों को काफी गंभीर चोटें आई हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर फरार बोलेरो चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच में जुट गई है।
