मिर्जामुराद: मैरिज लॉन से वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान लाखों का गहना उड़ा ले गए चोर
मैरेज लॉन से दुल्हन के कमरे से लाखों का गहना चोरी, वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान मचा हड़कंप
Updated: Apr 26, 2026, 12:59 IST
WhatsApp
Group
Join Now
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के छतेरी गांव स्थित कृष्णा मैरिज लॉन में शनिवार की मध्यरात्रि एक विवाह समारोह के दौरान दुल्हन के कमरे से लाखों रुपये के आभूषण चोरी हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और लॉन में काम कर रहे आधा दर्जन वेटरों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


मिर्जामुराद थाना अंतर्गत कछवारोड चौकी के छतेरी गांव के उक्त मैरिज लॉन में चित्रसेनपुर निवासी राजेश सोनकर की दो बेटियों की शादी थी। बारात आने के बाद जयमाल की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान दोनों दुल्हनें कमरे से स्टेज पर चली गईं आरोप है कि मौका पाकर पहले से घात लगाए चोर दुल्हन के कमरे में घुस गए और बैग में रखे जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी तब हुई जब राजेश की बहन तीजा कमरे में पहुंचीं। उन्होंने देखा कि बैग खुला पड़ा है और उसमें रखे आभूषण गायब हैं। जबकि अन्य सामान कमरे में बिखरा पड़ा था। इसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और लॉन में कार्यरत आधा दर्जन वेटरों को पकड़कर थाने ले गई। जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, चोरी गए सामान में दो सोने की चेन, दो सोने की अंगूठी, दो जोड़ी सोने के झुमके, एक सोने की नथुनी, चांदी के आभूषण और कुछ नकदी शामिल है, जिसकी कीमत 10 लाख रुपए के आसपास बताई जा रही है।

वही इस मामले में मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय का कहना है कि मैरिज लॉन में चोरी की जानकारी मिली थी जिस संबंध में पुलिस वहां पहुंच वेटरों को लाकर पूछताछ कर रही है जल्दी इसका खुलासा कर दिया जाएगा।
