मिर्जामुराद: सोशल मीडिया पर वायरल दावों की खुली पोल: मेहंदीगंज में नहीं तोड़ी गई हनुमान जी की मूर्ति, सालों पुरानी है बात
मिर्जामुराद में खंडित मूर्ति को लेकर फैला भ्रम; पुलिस जांच में सामने आई सालों पुरानी सच्चाई
May 30, 2026, 15:34 IST
WhatsApp
Group
Join Now
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेहंदीगंज रिंग रोड के समीप स्थित तालाब/भीटा की भूमि पर रखी हनुमान जी की एक हाथ का हिस्सा टूटा हुई मूर्ति का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।
जानकारी के अनुसार वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा था कि अराजक तत्वों ने मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया है, जिसके बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। मामले की जानकारी मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे प्रकरण की जांच की। पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत कर घटना की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान यह पता चला कि यह मूर्ति का हाथ का हिस्सा कई सालों पहले की बच्चों द्वारा खेलने में टूटी हुई है। तब से मूर्ति उसी स्थान पर रखी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से उस स्थान पर मंदिर निर्माण की योजना बनाई जा रही है। स्थानीय लोगों की इच्छा है कि मंदिर निर्माण के बाद विधि-विधान से हनुमान जी की नई मूर्ति स्थापित की जाए। इसी कारण पुरानी मूर्ति को अभी तक वहां सुरक्षित रखा गया है। वही फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने इसे नई घटना बताते हुए विभिन्न प्रकार की टिप्पणियां शुरू कर दीं, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि पुलिस की जांच में मूर्ति को नुकसान पहुंचाने की कोई ताजा घटना सामने नहीं आई है। वही इस मामले थाना प्रभारी मिर्जामुराद गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया था। स्थानीय लोगों और ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि मूर्ति पहले से ही टूटी हुई थी। फिलहाल किसी प्रकार की नई घटना नहीं हुई है। मूर्ति को सम्मानपूर्वक ढकवाने और उसकी गरिमा बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी सूचना को सत्यापित किए बिना साझा न करें तथा अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।


