मिर्जामुराद: संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ खाने से बीसी एजेंट की मौत, अस्पताल में 10 घंटे चला इलाज
बैंक ऑफ बड़ौदा के बीसी एजेंट ने खाया जहरीला पदार्थ, मौत से परिवार में कोहराम
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठठरा गांव (कछवारोड) में बुधवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ का सेवन करने से एक युवक की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने आनन-फानन में उसे वाराणसी स्थित हेरिटेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां करीब 10 घंटे तक चले उपचार के बाद गुरुवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।


जानकारी के अनुसार, (मिर्जामुराद) ठठरा गांव निवासी रोहित सिंह (30 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय शिवपूजन सिंह बुधवार की रात अज्ञात कारणों से विषाक्त पदार्थ खा लिया। घरवालों को इस बात की भनक तब लगी जब देर रात रोहित की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसके मुंह से झाग निकलने लगा। युवक की गंभीर स्थिति देख परिजन घबरा गए और बिना समय गंवाए उसे तुरंत वाराणसी के हेरिटेज अस्पताल ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने करीब 10 घंटे तक उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गुरुवार की सुबह इलाज के दौरान रोहित की मौत हो गई।
मृतक रोहित सिंह कछवारोड-कपसेठी मार्ग पर छतेरी गांव के पास स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहक सेवा केंद्र (टाइनी बैंक) में बीसी एजेंट के रूप में कार्यरत थे। मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोहित के पिता शिवपूजन सिंह का भी करीब पांच वर्ष पूर्व निधन हो चुका है, जिसके बाद से घर की पूरी जिम्मेदारी रोहित के कंधों पर थी। रोहित अपने पीछे पत्नी ज्योति, मां और एक 5 वर्षीय मासूम बेटे को छोड़ गए हैं। पति की मौत के बाद से पत्नी ज्योति और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर मिर्जामुराद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल, पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया।
