मिर्जामुराद: युवा दिवस पर नागेपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
देशभक्ति के नारों से गूंजा सांसद आदर्श ग्राम, युवाओं ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प
वाराणसी। मिर्जामुराद के सांसद आदर्श ग्राम नागेपुर में युवा दिवस के अवसर पर युवाओं द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर ग्राम प्रधान मुकेश कुमार और लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर के नेतृत्व में निकली यात्रा में सैकड़ों युवाओं, बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकली यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा गांव गूंज उठा।



यात्रा के दौरान युवाओं ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। युवाओं ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए युवाओं की ऊर्जा को शिक्षा, खेल, रोजगार और सामाजिक कार्यों में लगाने की जरूरत है।

आशा सामाजिक विद्यालय के बच्चों और किशोरियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में भाग लिया। किशोरी सिलाई केंद्र की लड़कियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष रूप से उत्साहपूर्ण बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं और ग्रामीणों ने नशे से दूर रहने, दूसरों को भी नशे से बचाने तथा गांव में जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।

ग्राम प्रधान मुकेश कुमार ने कहा कि “देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें। गांव को नशामुक्त बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।”
लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने कहा कि “तिरंगा हमारी एकता, अखंडता और देश के सम्मान का प्रतीक है। युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, रोजगार और सामाजिक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ें तो देश और समाज को नई दिशा मिल सकती है।” उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।

तिरंगा यात्रा में श्याम सुंदर मास्टर, अनीता, सोनी, अरविंद, मनीष, आलोक पंचमुखी, सुनील, मनीषा, सीमा, विद्या, शमा बानो, आशीष, मंजीता, मधुवन, शिवकुमार और आशा सामाजिक विद्यालय के बच्चे, किशोरी सिलाई केंद्र की लड़कियां, लोक समिति के कार्यकर्ता तथा सैकड़ों ग्रामीण भी यात्रा में शामिल रहे।
